तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश, विभाजन की त्रासदी को किया याद
हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली. विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्र एकता का संकल्प
BOL PANIPAT , 14 अगस्त। देशबंधु गुप्ता राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ एवं ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर दो कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत विभाग के डॉ. जगदीश ने ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति से किया।
कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर से सेक्टर-18 तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में प्राचार्य प्रो. सुभाष चंद्र, उप-प्राचार्य डॉ. नरसिंह जांगड़ा, डॉ. नरेश कुमार, डॉ. दलबीर देसवाल, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिवम धवन, डॉ. कविता तनेजा, डॉ. कविता जैन, वंदना, विकास सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर इतिहास विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दलबीर देसवाल ने वर्ष 1947 में हुए भारत विभाजन, विस्थापन और उससे उत्पन्न मानवीय पीड़ा पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को विभाजन के ऐतिहासिक एवं सामाजिक प्रभावों से अवगत कराया। उप-प्राचार्य डॉ. नरसिंह जांगड़ा ने विभाजन से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय एकता, शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने तिरंगे के सम्मान तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। इसके बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।
महाविद्यालय की ओर से बताया गया कि 1 से 14 अगस्त तक प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने तिरंगे के साथ ऑनलाइन सेल्फी अपलोड कर ई-प्रमाण पत्र भी प्राप्त किए। विद्यार्थियों ने माय भारत पोर्टल पर आयोजित ऑनलाइन क्विज में भी सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, सामाजिक सद्भाव और अपने इतिहास के प्रति जागरूकता की भावना को मजबूत किया।

Comments