Wednesday, September 2, 2026
Newspaper and Magzine


रास्ता रोककर दो सगे भाइयों से मारपीट और लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 2, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 02 सितंबर : सीआईए थ्री पुलिस ने विकास नगर में दो सगे भाइयों का रास्ता रोककर मारपीट करने और उनसे नकदी लूटने के मामले में दो आरोपियों को मंगलवार देर शाम कश्यप कॉलोनी से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास नगर निवासी वंश और हर्ष उर्फ गोलू के रूप में हुई है।

सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में विकास नगर निवासी आर्यन पुत्र कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके भाई लवि का काफी समय पहले साहिल निवासी बिझौल व उसके साथियों के साथ झगड़ा हुआ था। इसी बात की रंजिश साहिल रखता था।
25 मई की शाम करीब 10 बजे वह अपने भाई अंश के साथ बाइक पर विकास नगर की गली नंबर-2 से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर साहिल पुत्र सुरेंद्र, नितिन निवासी बिझौल तथा गौरव, विकास, हर्ष, वंश और जतिन निवासी विकास नगर वहां पहुचें और रास्ता रोककर उन दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों के पास डंडे और अन्य हथियार थे, आरोपी जतिन के हाथ में चाकू था। मारपीट के दौरान आरोपी गौरव और वंश ने मोबाइल से वीडियो भी बनाई। आरोपी उन्हें मारपीट करते हुए कह रहे थे कि मनीष के साथ झगड़ा किया था, यह उसी का अंजाम है।
आरोपियों ने उन दोनों भाइयों और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी साहिल ने हरिद्वार जाने का खर्च भी उनसे ही निकालने की बात कहते हुए डराया और उसकी जेब से पर्स जबरदस्ती छीन लिया। पर्स में करीब 4,200 रुपए, आधार कार्ड और बाइक की आरसी थी।
शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो आरोपी उन्हें देख हथियारों समेत बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। आर्यन की शिकायत पर थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में लूट सहित संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मामले की जांच और आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सीआईए थ्री पुलिस टीम को सौंपी थी। पुलिस टीम ने जांच करते हुए अपने सभी सोर्स एक्टिव कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार देर शाम पुलिस टीम को आरोपी वंश और हर्ष उर्फ गोलू की जाटल रोड स्थित कश्यप कॉलोनी में होने बारे गुप्त सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने नामजद फरार साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कुछ दिन पहले आर्यन की गौरव के साथ वीटा बूथ के पैसों के लेन-देन को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते उन्होंने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments


Leave a Reply