22 साल से फरार चल रहे 10 साल की सजा पाए सजायाफ्ता अपराधी को पानीपत पुलिस ने करनाल से किया गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 03 सितंबर: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए एंटी एक्सटॉर्शन सेल पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में 10 वर्ष की सजा पाए 22 साल से फरार चल रहे सजायाफ्ता अपराधी को बुधवार शाम को करनाल से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूरन सिंह निवासी गांव डेरा बरासोला, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

एंटी एक्सटॉर्शन सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रमेश ने बताया कि थाना शहर पुलिस ने वर्ष 2001 में आरोपी पूरन सिंह को 2 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। थाना शहर में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर जहां से उसे अंबाला जेल भेज दिया गया था। मामले में दोष सिद्ध होने पर पानीपत माननीय न्यायालय द्वारा वर्ष 2004 में आरोपी को 10 वर्ष की कैद और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा से दंडित किया गया था।
आरोपी ने माननीय उच्च न्यायालय में अपील दायर की थी। माननीय उच्च न्यायालय से उसे दो माह की जमानत मिली थी। जमानत अवधि पूरी होने के बाद आरोपी न्यायालय में पेश नहीं हुआ और फरार हो गया। इसके बाद पानीपत माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी का अरेस्ट वारंट जारी किया गया था।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रमेश ने बताया कि पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने एंटी एक्सटॉर्शन सेल पुलिस टीम को आरोपी को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी थी। पुलिस टीम द्वारा फरार सजायाफ्ता आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। टीम ने बुधवार को मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी पूरन सिंह को करनाल से गिरफ्तार किया।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रमेश ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया वह ट्रक पर ड्राइवरी कर फरारी काट रहा था, और घर भी बहुत कम जाता था। पुलिस ने आरोपी पूरन सिंह को वीरवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Comments