Wednesday, September 16, 2026
Newspaper and Magzine


तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी करता है प्रभावित: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 16, 2026 Tags: , , , ,

तंबाकू छोडक़र स्वस्थ जीवन अपनाएं, युवाओं को नशे से दूर रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी

सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर रोक का सख्ती से करवाया जाए पालन

‘जिंदगी चुनो, तंबाकू नहीं’—तंबाकू नियंत्रण को लेकर विभागों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

नशे से दूर रहने की  दिलाई गई शपथ

BOL PANIPAT , 16 सितंबर। तंबाकू का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रावधानों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को जिला सचिवालय सभागार में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने की।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन पर रोक से संबंधित प्रावधानों की प्रभावी ढंग से पालना सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास से ही तंबाकू मुक्त वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।

उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है और इसकी शुरुआत अक्सर छोटी उम्र में होती है। इसलिए बच्चों और युवाओं को तंबाकू की लत से बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में होना चाहिए। ‘जिंदगी चुनो, तंबाकू नहीं’ केवल एक संदेश नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प है। अधिकारी अपने-अपने विभागों के माध्यम से लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध नियमों की कड़ाई से पालना करवाएं।

उन्होंने कहा कि तंबाकू के सेवन से फेफड़ों के कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों सहित अनेक गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता है। इसके अलावा धूम्रपान करने वाले व्यक्ति के आसपास मौजूद लोगों को भी दूसरे के धुएं से स्वास्थ्य संबंधी नुकसान हो सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तंबाकू के दुष्प्रभावों और धूम्रपान छोडऩे के लाभों को लेकर व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं। बैठक में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध के प्रावधानों की जानकारी दी गई।    

उपायुक्त ने कहा कि सभागार, अस्पताल, रेलवे स्टेशन एवं प्रतीक्षालय, शिक्षण संस्थान, न्यायालय भवन, होटल, ढाबे, रेस्तरां, पुस्तकालय, सार्वजनिक वाहन, बस स्टैंड, कार्यस्थल, शॉपिंग मॉल, सिनेमा हॉल, स्टेडियम तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध संबंधी नियम लागू हैं।
बैठक में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने पर अधिनियम के तहत कार्रवाई और जुर्माने के प्रावधानों के बारे में भी अधिकारियों को अवगत करवाया गया। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकृत अधिकारियों की भूमिका पर चर्चा की गई, ताकि नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि तंबाकू नियंत्रण अभियान में जागरूकता के साथ-साथ प्रभावी निगरानी भी जरूरी है। विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री और नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद उपलब्ध करवाने जैसे मामलों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।    

उपायुक्त डॉ हरीश ने कहा कि युवाओं को तंबाकू से दूर रखने के लिए स्कूल-कॉलेज स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाया जाए। बैठक में यह भी बताया गया कि धूम्रपान छोडऩे के बाद समय के साथ शरीर पर इसके सकारात्मक प्रभाव दिखाई देने लगते हैं। धूम्रपान छोडऩे के कुछ महीनों बाद खांसी, सांस फूलना और अन्य समस्याओं में कमी आने लगती है तथा लंबे समय में हृदय रोग और स्ट्रोक के जोखिम में भी कमी आती है। अधिकारियों ने लोगों को तंबाकू छोडऩे के लिए प्रेरित करने तथा उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाने पर भी चर्चा की। जिला तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. ललित वर्मा ने बैठक में कार्यक्रम की गतिविधियों और तंबाकू नियंत्रण से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक ने भी तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान और जागरूकता की आवश्यकता पर जानकारी साझा की। इस मौके पर एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, सीएमओ डॉ. विजय मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएसपी विकास चहल के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply