सेवा संकल्प कैंप में 148 लोगों की समस्याओं पर लिया संज्ञान, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता : एसडीएम अमित कुमार
समालखा में प्रशासन ने लगाई जनसमस्याओं की चौपाल, 148 शिकायतों का मौके सुनवाई
लाडो लक्ष्मी से पेंशन और बीपीएल कार्ड तक पहुंचीं शिकायतें, अधिकारियों ने मौके पर शुरू की कार्रवाई
सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें अधिकारी
BOL PANIPAT , 22 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन ने आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को लोगों के द्वार तक पहुंचाने की पहल को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को समालखा नगर परिषद कार्यालय में विशेष शिकायत निवारण कैंप लगाया। कैंप में एसडीएम समालखा अमित कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कैंप में करीब 148 लोगों की समस्याओं पर संज्ञान लिया गया। कैंप में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने लाडो लक्ष्मी योजना, पेंशन, आधार कार्ड अपडेट, बीपीएल कार्ड, पक्के मकान, विवाह शगुन योजना तथा डॉ. बी.आर. अंबेडकर छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मामलों में मौके पर ही कार्रवाई शुरू की तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।

एसडीएम अमित कुमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी को कम करना है। पात्र व्यक्ति को अपने अधिकार और सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंप में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इसलिए अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पात्र लाभार्थी किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है और जहां संभव हो, वहीं समाधान कराया जा रहा है।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल निपटारा किया जाए। वहीं, जिन मामलों में विभागीय प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक है, उनमें भी बिना अनावश्यक देरी के नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही या अनावश्यक देरी को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आमजन से भी आह्वान किया कि वे सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं। प्रशासन का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कैंप में समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोड, तहसीलदार विनती देवी, बीडीपीओ समालखा, पीओ सिमरन, डीसीडब्ल्यू रीतू राठी, रेडक्रॉस से प्रोजेक्ट अधिकारी सुदेश, उपमंडल कल्याण अधिकारी होशियार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments