सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
हैप्पी कार्ड से पात्र यात्रियों को मिलेगी सुगम और किफायती परिवहन सुविधा: एम सी संजीव दहिया
सेवा संकल्प अभियान में जनसुविधाओं को मिला नया विस्तार
नए बस अड्डे पर हैप्पी कार्ड वितरित
133 पात्र लोगो को मिला योजना का लाभ
BOL PANIPAT , 23 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत नए बस अड्डा परिसर में आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से हैप्पी कार्ड योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड वितरित किए गए। इसके साथ ही नए हैवी लाइसेंस धारकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए आवश्यक प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में वार्ड 21 के एमसी संजीव दहिया ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया व योजना की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक सरल, पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाना है। हैप्पी कार्ड योजना आमजन, विशेषकर पात्र लाभार्थियों के लिए सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। हैप्पी कार्ड योजना के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को परिवहन सुविधा का लाभ मिलता है, जिससे उनके आवागमन में सहूलियत होती है और दैनिक यात्रा का खर्च कम करने में मदद मिलती है।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के पात्र लाभार्थियों को इसके लाभ, पात्रता और प्रक्रिया के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इसका लाभ उठा सकें।
उपायुक्त ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल योजनाओं के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों को मौके पर ही सेवाओं और सुविधाओं से जोड़ना है। इसी कड़ी में नए बस अड्डा परिसर में हैप्पी कार्ड वितरण के साथ-साथ नए हैवी लाइसेंस धारकों को प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया।
उपायुक्त ने कहा कि वाहन चलाने वाले चालकों के लिए यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार वाहन संचालन की जानकारी बेहद महत्वपूर्ण है।
डॉ. वशिष्ठ ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता और प्रशिक्षण से दुर्घटनाओं की रोकथाम में मदद मिलती है। नए लाइसेंस धारकों को प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग, यातायात नियमों के पालन और सड़क पर अन्य वाहन चालकों तथा राहगीरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन के और करीब लाया जा रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे और सरकारी सेवाएं निर्धारित प्रक्रिया के तहत पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हों।
कार्यक्रम में अकाउंट्स ऑफिसर सतबीर गौतम, अकाउंटेंट कृष्ण कुमार, रूजू कादियान, कमल अरोड़ा तथा नगर निगम वार्ड नंबर 10 के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Comments