Thursday, September 24, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य कॉलेज में उत्साहपूर्वक मनाया गया ‘राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस’, विद्यार्थियों को दिखाई गईं सामाजिक फिल्में

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 24, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT – शुक्रवार 24 सितंबर 2026 : आर्य पी.जी. कॉलेज की एनएसएस इकाई द्वारा कॉलेज परिसर में ‘राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस’ अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के प्रति दायित्वबोध जगाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों के लिए दो प्रेरणादायक सामाजिक फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ हुआ। इन फिल्मों के माध्यम से युवाओं को समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें सामाजिक बदलाव का संवाहक बनने का संदेश दिया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए कॉलेज की उपप्राचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने एनएसएस के गौरवशाली इतिहास और इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण की एक मजबूत प्रयोगशाला है। यह विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर जमीनी हकीकत और समाज की जरूरतों से जोड़ती है। एनएसएस का मूल मंत्र ‘नॉट मी बट यू’ (मैं नहीं, आप) हमें स्वार्थ से ऊपर उठकर निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देता है।”

स्क्रीनिंग और संबोधन के बाद एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. विजय सिंह, डॉ. सोनिया सोनी एवं स्वयंसेवकों के बीच एक परिचर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें 24 सितंबर 1969 को महात्मा गांधी के जन्मशताब्दी वर्ष पर शुरू हुई इस योजना के ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी स्वयंसेवकों ने समाज कल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान देने, पर्यावरण संरक्षण और देश को सशक्त बनाने की शपथ ली। इस अवसर पर कॉलेज का समस्त शिक्षक व गैर-शिक्षक स्टाफ तथा भारी संख्या में एनएसएस वॉलंटियर्स मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply