आर्य कॉलेज में एचआईवी/एड्स, एसटीआई एवं टीबी विषय पर जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित
पानीपत जिले के 10 कॉलेजों ने लिया भाग
BOL PANIPAT – शनिवार 26 सितंबर 2026 : राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन और हरियाणा राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा चलाए जा रहे ‘सघन आईईसी अभियान 12 अगस्त 2026 से 10 अक्टूबर 2026) के अंतर्गत आज 26 सितंबर 2026 को आर्य कॉलेज, पानीपत में जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी (क्विज़) प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय “एचआईवी/एड्स, एसटीआई एवं टीबी” रहा, जिसका उद्देश्य युवाओं में इन बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, रोकथाम के उपाय बताना और स्वास्थ्य सुरक्षा को बढ़ावा देना है।
इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पानीपत जिले के 10 कॉलेजों की टीमों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में आर्य कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में प्राचार्य ने कहा “युवा किसी भी देश का भविष्य होते हैं। ‘स्वस्थ युवा | स्वस्थ राष्ट्र’ के संदेश को अपनाकर ही हम एक सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से न केवल विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि होती है, बल्कि वे समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे
प्रथम स्थान वैश्य कॉलेज समालखा की छात्रा अनिमा और रितु ने हासिल किया, दूसरा स्थान आईबी कॉलेज,पानीपत के विद्यार्थी यशस्वी और अनिका व तीसरा स्थान आईबी कॉलेज,पानीपत कुमकुम शर्मा व काजल राणा ने हासिल किया।
इस अवसर पर कॉलेज के इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विजय सिंह, गणित विभाग के प्राध्यापक उमेद सिंह, प्राध्यापक माणिक गुप्ता, अमित व संदीप समेत कॉलेज के अन्य स्टाफ सदस्य और गणमान्य व्यक्ति भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Comments