अंकित की स्वर्णिम उपलब्धि ने हरियाणा का नाम विश्व पटल पर रोशन किया: कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार
कबड्डी को हां, शराब को ना कहें युवा-अंकित
एशियाई खेलों में कबड्डी का गोल्ड जीतकर नौल्था पहुंचे अंकित जागलान, ग्रामीणों ने ढोल-डीजे और फूलमालाओं से किया भव्य स्वागत
डाहर टोल से वाहनों के काफिले में जय-जयकार करते हुए पहुंचे ग्रामीण, गांव में उत्सव जैसा माहौल
BOL PANIPAT , 29 सितंबर। एशियाई खेल में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतकर अपने गांव नौल्था पहुंचे खिलाड़ी अंकित जागलान का ग्रामीणों ने ढोल-डीजे, जयकारों और फूलमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। अंकित के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों में विशेष उत्साह दिखाई दिया और पूरा गांव खुशी के माहौल में डूब गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने निजी वाहनों में सवार होकर डाहर टोल से वाहनों के काफिले के साथ अंकित का स्वागत करने पहुंचे। ग्रामीण रास्तेभर जय-जयकार लगाते हुए नौल्था पहुंचे। डीजे की धुनों और ग्रामीणों के उत्साह से माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। ग्रामीणों ने खुशी में आतिशबाजी की और स्वर्ण पदक विजेता अंकित जागलान को फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया।
स्वागत समारोह में पंचायत,विकास एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार मुख्य रूप से पहुंचे और उन्होंने अंकित जागलान की इस शानदार उपलब्धि पर ग्रामीणों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंकित ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर अपने गांव, पानीपत और पूरे हरियाणा का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है। यह उपलब्धि अंकित की कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि एशियाई खेलों में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतकर अंकित जागलान ने न केवल अपने गांव नौल्था और पानीपत, बल्कि पूरे हरियाणा का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित किया है। महिला और पुरुष खिलाडिय़ों द्वारा स्वर्ण पदक जीतना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। हरियाणा की मिट्टी ने हमेशा देश को बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं और हमारे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। इन खिलाडिय़ों की उपलब्धियां प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें आगे बढऩे के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाया जाए। जो भी खिलाड़ी अच्छा खेलते हैं, उनकी प्रतिभा की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की पहचान करने के लिए प्रशिक्षण एवं चयन शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से अच्छे खिलाडिय़ों का चयन कर उन्हें आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
मंत्री ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का भी मजबूत आधार हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना पैदा होती है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि कबड्डी को हां और शराब को ना कहें। युवा नशे से दूर रहकर खेलों और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ें तथा अपने जीवन को सही दिशा दें।
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि जिंदगी में कामयाबी हासिल करने के लिए कठोर परिश्रम, अनुशासन और ईमानदारी से कार्य करना आवश्यक है। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। खिलाडिय़ों को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए नियमित अभ्यास करना चाहिए। हार से निराश होने की बजाय उससे सीख लेकर और अधिक मेहनत के साथ आगे बढऩा चाहिए। अंकित जागलान की सफलता भी वर्षों की मेहनत, अभ्यास और लगन का परिणाम है।
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि अंकित की यह उपलब्धि पूरे गांव के लिए गौरव का विषय है। जिस प्रकार ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में अपने खिलाड़ी का स्वागत किया है, उससे यह स्पष्ट है कि गांवों में खेल प्रतिभाओं के प्रति लोगों में कितना उत्साह और जुड़ाव है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित करें और उनकी प्रतिभा को निखारने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि जब हरियाणा का कोई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाता है तो यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण होता है। सरकार का प्रयास है कि गांवों में छिपी प्रतिभाओं को उचित अवसर मिले और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए आवश्यक मंच उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि हर गांव की प्रतिभा को पहचानना, उसे तराशना और आगे बढऩे का अवसर देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार के नौल्था पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भी बुके भेंट कर तथा स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन किया। इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष ज्योति शर्मा ने भी अंकित जागलान को बधाई देते हुए उसकी उपलब्धि को गांव और जिले के लिए गौरव का विषय बताया। स्वागत समारोह में, सरपंच बलराज, सरपंच प्रतिनिधि नीरज, धर्मपाल जागलान, विनोद नरवाल, धर्मवीर मलिक, डॉ. सतीश दलाल, कुलदीप दलाल, राज सिंह आर्य,रंजीता कौशिक, देवेंद्र कादयान, सोनू मोटा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अंकित की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए भविष्य में भी उसे इसी प्रकार देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

Comments