नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी तरीके से समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता: एसडीएम मनदीप कुमार
सेतु शिविर में नागरिकों को उपलब्ध हो रही बेहतर सेवाएं
BOL PANIPAT , 30 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को नगर निगम एग्रो मॉल में सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एसडीएम मनदीप कुमार ने पहुंचकर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में 192 से ज्यादा शिकायतकर्ताओं ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध करवाना तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
एसडीएम ने कहा कि शिविर में पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक की शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका नियमानुसार शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निपटाया जाए तथा जिन मामलों में अन्य विभागों से कार्रवाई अपेक्षित है, उनमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजन के साथ सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझ रहा है। सेवा संकल्प अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं, सेवाओं और विभागीय सुविधाओं की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को शिविर में खुलकर रखें, ताकि उनका नियमानुसार समाधान करवाया जा सके।
एसडीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रशासन की प्राथमिकता है कि नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हों और उनकी समस्याओं का समाधान प्रभावी तरीके से किया जाए।

Comments