चैंबर के पीछे की पार्किंग में युवक पर डंडों से वार कर जानलेवा हमला करने के दो आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT : अक्तूबर । थाना शहर पुलिस ने कोर्ट परिसर की पार्किंग में तीन दोस्तों पर डंडों से वार कर जानलेवा हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते शुक्रवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान जतिन उर्फ काटा निवासी कवि तथा शुभम उर्फ भट्ठी के रूप में हुई है।
डीएसपी मुख्यालय विकास कुमार ने शुक्रवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में मामले में नामजद फरार अपने साथी आरोपी सुमित, वैभव व अन्य कई साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से खुलासा हुआ उन दोनों ने फरार अपने साथी आरोपियों के साथ मिलकर साजिश रची और रंजिशन उक्त वारदात को अंजाम दिया था।
पूछताछ में आरोपियों से खुलासा हुआ बीते फरवरी माह में कवि निवासी अमित ने अपने अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर खुखराना गांव में शुभम के घर पर घुसकर बाइक तथा बाहर खड़ी स्कॉर्पियों गाड़ी में तोड़फोड़ व उसके भाई का रास्ता रोककर मारपीट करने की वारदात को अंजाम दिया था। उस समय आरोपी जतिन उर्फ कांटा अमित की साइड था। उक्त वारदात बारे थाना मतलौडा में शुभम की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
डीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया बाद में आरोपी जतिन उर्फ काटा शुभम के पक्ष में हो गया। आरोपी शुभम ने इस मामले की रंजिश रखते हुए आरोपी जतिन उर्फ काटा व नामजद व अन्य फरार साथी आरोपियों के साथ मिलकर साजिश रची और कोर्ट परिसर के पार्किंग एरिया के साथ लगते शमशान घाट की तरफ से गिरी हुई दिवार के रास्ते से पार्किंग में आकर अमित व उसके साथियों पर डंडों से हमला कर वारदात को अंजाम दिया। और बाहर नाले के पास खड़ी तीन गाड़ियों में तोड़फोड़ की।
पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शनिवार को माननीय न्यायालय में पेश कर रिमांड पर हासिल कर फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगा काबू करने व वारदात में प्रयुक्त डंडे बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
यह है मामला
थाना शहर में अमित पुत्र रोहताश निवास कवि ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 8 अक्तूबर को वह अपने साथी जगत, जगदीप, नईम और अक्षय के साथ जिला कचहरी पानीपत में पेशी पर आया था। पेशी के बाद वे बाहर निकलकर वकीलों के चौंबर के पीछे जा रहे थे तो जतिन उर्फ काटा पुत्र बिल्लू निवासी कवि, सुमित पुत्र भीम सिंह निवासी खुखराना, शुभम भट्टी व वैभव निवासी मतलौडा तथा 8/10 अन्य लड़कों ने मिलकर उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उस पर तथा अक्षय उर्फ जोन्टी और नईम पर डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने नईम व अक्षय उर्फ जोंटी की नीचे गिराकर डंडो से वार कर चोटे मारी। इस दौरान आरोपी जतिन उर्फ काटा ने अक्षय के गले से 2 तोले सोने की चेन भी छीन ली। चोट मारकर सभी आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। थाना शहर में अमित की शिकायत पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments