Thursday, June 4, 2026
Newspaper and Magzine


करियाणा दुकान संचालक से हथियार के बल पर लूट करने वाले गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at April 24, 2024 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 24 अप्रैल 2024, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सीआईए वन पुलिस टीम ने सेक्टर 12 निवासी करियाणा दुकान संचालक व उसके दो भाईयों के साथ हथियार के बल पर हुई लूट की वारदात का पर्दाफ़ाश करते हुए पुलिस ने गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया।

सीआईए वन प्रभारी सब इंस्पेक्टर महीपाल सिंह ने बताया कि थाना चांदनी बाग में सेक्टर 12 निवासी राजेश ने शिकायत देकर बताया था कि बापौली में उसकी दुकान है। 12 अप्रैल की देर शाम वह भाई ओमप्रकाश व कृष्ण के साथ दुकान से गाड़ी में सवार होकर घर लौट रहे थे। जब वह उग्राखेड़ी मोड़ पर पहुंचे तो एक स्वीफट कार चालक ने कार अड़ाकर रास्ता रोक लिया। कार से दो युवक उतरे और उनकी गाड़ी के शीशे नीचे उतरवाकर उसकी व ओमप्रकाश की कनपटी पर पिस्तौल सटा कर मारपीट कर पैसो का बैग लूटकर ले गए। बैग में करीब 80 हजार रूपये, दुकान की चाबी, बही खाते व बिल बुक थी। बदमाशों ने उनकी तरफ पिस्तौल से एक फायर भी किया जो गाड़ी की छत के आर पार होकर निकल गया। राजेश की शिकायत पर थाना चांदनी बाग में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

सब इंस्पेक्टर महीपाल सिंह ने बताया कि सीआईए वन पुलिस टीम ने विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच करते हुए मंगलवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर गोहाना रोड पर शुगर मील के नजदीक पेट्रोल पंप के पास से सोनीपत के सिसाना गांव के मोहित व जीन्द के भंभेवा गांव के समीर खान उर्फ लाखा को काबू कर पूछताछ की तो दोनों आरोपियों ने अपने साथी अमित उर्फ मीतू निवासी भंभेवा हाल बापौली के साथ मिलकर लूट की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपी समीर खान व अमित चचेरे भाई है व आरोपी मोहित दोनों का भांजा है।

कर्ज उतारने के लिए वारदात को अंजाम दिया

सब इंस्पेक्टर महीपाल सिंह ने बताया आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ आरोपी समीर उर्फ लाखा व फरार आरोपी अमित पर काफी कर्ज है। आरोपी अमित करीब 14 साल से परिवार सहित बापौली में रह रहा है। आरोपी अमित को जानकारी थी कि बापौली में दुकान से राजेश, ओमप्रकाश व कृष्ण शाम को एक ही कार में सवार होकर पानीपत घर जाते है, तब उनके पास पूरा दिन की सेल के पैसे होते है। आरोपी अमित ने यह बात साथी आरोपी समीर खान को बताई। दोनों ने मिलकर कर्ज उतारने के लिए लूट की साजिश रची और भांजे मोहित को शामिल कर उसकी स्वीफ्ट कार में सवार होकर लूट की उक्त वारदात को अंजाम दिया।

वारदात से 4 दिन पहले रेकी की

आरोपियों ने वारदात से 4 दिन पहले कार में सवार होकर रेकी की। 12 अप्रैल को तीनों ने गांव से ही राजेश की गाड़ी का पीछे किया और उग्राखेड़ी मोड़ पर अपनी कार अडाकर पिस्तौल के बल पर मारपीट कर पैसो से भरा बेग लूट कर फरार हो गए थे।

सब इंस्पेक्टर महिपाल ने बताया कि लूटी गई नगदी बरामद करने, वारदात में प्रयुक्त कार व पिस्तौल बरामद करने व फरार आरोपी अमित की धरपकड़ के लिए गिरफ्तार दोनों आरोपियों को बुधवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से दोनों आरोपियों को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।

Comments