Thursday, October 15, 2026
Newspaper and Magzine


युवा शक्ति देश का भविष्य, शिक्षा के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां भी व्यक्तित्व निखारने का सशक्त माध्यम: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in Uncategorized , at October 15, 2026 Tags: , , , , ,

चुनौतियां ही सफलता की राह प्रशस्त करती हैं, युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने भविष्य पर ध्यान देना चाहिए

युवा अपनी प्रतिभा पहचानें, लक्ष्य निर्धारित कर संघर्ष के साथ आगे बढ़ें

मोबाइल की दुनिया से बाहर निकलकर मैदान से जोड़ें नाता, प्रतिदिन एक घंटा व्यायाम करने का लें संकल्प

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जोनल युवा महोत्सव में गूंजा प्रतिभा, संघर्ष और सकारात्मक सोच का संदेश

BOL PANIPAT , 15 अक्टूबर। स्थानीय आर्य पीजी कॉलेज के सभागार में आयोजित 49वें कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय जोनल युवा महोत्सव में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर संघर्ष करने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी ऊर्जा, रचनात्मकता तथा प्रतिभा को सही दिशा देना बेहद जरूरी है। शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

  उपायुक्त डॉ.वशिष्ठ ने कहा कि इस तरह के युवा महोत्सव विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। इन आयोजनों से विद्यार्थियों को कुछ नया सीखने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिलता है। प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है, जिसे उचित मंच और निरंतर अभ्यास के माध्यम से निखारा जा सकता है। विद्यालयों और महाविद्यालयों में पढ़ाई के साथ-साथ पाठ्येतर गतिविधियों को भी पर्याप्त महत्व दिया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों का व्यक्तित्व बहुआयामी बन सके।

    उपायुक्त ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन, मेहनत तथा अनुशासन के साथ आगे बढ़ें। जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर सीखते रहना और स्वयं को बेहतर बनाना आवश्यक है। डॉ. वशिष्ठ ने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति की शारीरिक और मानसिक क्षमता को नुकसान पहुंचाता है तथा उसकी प्रतिभा और भविष्य को प्रभावित करता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग रचनात्मक कार्यों, शिक्षा, खेलकूद और समाज के हित में करना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को नशे जैसी बुराइयों से बचाने के लिए जागरूक रहें और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ें।

    उपायुक्त ने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन और स्क्रीन पर अत्यधिक समय बिताने के कारण शारीरिक गतिविधियों के प्रति युवाओं का रुझान कम हो रहा है। इसे बदलने की आवश्यकता है। प्रत्येक युवा प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने शरीर और स्वास्थ्य के लिए समर्पित करने का संकल्प ले। नियमित व्यायाम करें, खेलों में भाग लें और मोबाइल फोन के अनावश्यक इस्तेमाल से बचें। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रबंधक समिति की ओर से उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण, कॉलेज प्राचार्य डॉ जगदीश गुप्ता, राजेश गोयल, वीरेंद्र सिंगला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और कॉलेज के विद्यार्थी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply