Friday, July 10, 2026
Newspaper and Magzine


थिराना गांव से अपहृत 35 वर्षीय युवक को महज 20 घंटे में सकुशल छुड़ाया, 6 आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at July 10, 2026 Tags: , , , , ,

वारदात के दौरान एक आरोपी ने पहनी थी दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की वर्दी, पुलिस ने वर्दी भी की बरामद

BOL PANIPAT , 10 जुलाई : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के निर्देशन में सीआईए टू पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना मतलौडा क्षेत्र के गांव थिराना से अपहृत 35 वर्षीय युवक को महज 20 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया । गिरफ्तार आरोपियों में चार सोनीपत और दो पानीपत जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर की एक वर्दी भी बरामद की है, जिसे वारदात के दौरान एक आरोपी ने पहन रखा था।

एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस ने जिला सचिवालय स्थित पुलिस सभागार में शुक्रवार को प्रेसवार्ता में इस प्रकरण की जानकारी देते हुए बताया कि वीरवार देर रात पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि काले रंग की एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए पांच-छह अज्ञात युवकों ने गांव थिराना में अड्डे पर खड़े गांव निवासी दिलावर 35 का जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। सूचना मिलते ही पूरे जिले में नाकाबंदी कर पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं। वहीं अपहृत के पिता राजेंद्र की शिकायत पर थाना मतलौडा में बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज किया गया।

एएसपी हर्षित गोयल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मतलौडा पुलिस के साथ ही सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र की टीम को आरोपियों की धरपकड़ और अपहृत युवक की सुरक्षित बरामदगी की जिम्मेदारी सौंपी। पुलिस अधीक्षक स्वयं पूरे अभियान की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे और टीम से पल-पल की जानकारी लेते रहे।
सीआईए टू टीम ने अपने सभी सोर्स एक्टिव किए और मिली विशेष सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार सुबह सोनीपत के श्याम नगर में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत दिलावर को सकुशल छुड़ा लिया। मौके से दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर की वर्दी भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनीपत के तिहाड़ खुर्द निवासी रोहित, श्याम नगर निवासी मनोज, गांव बरोटा निवासी नीरज, गांव मोई निवासी सूरज तथा पानीपत के इसराना निवासी अनुज उर्फ छोटू और गांव पलड़ी निवासी जतिन के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से खुलासा हुआ वारदात के समय आरोपी मनोज ने दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर की वर्दी पहन रखी थी। उसका पिता दिल्ली पुलिस से सब इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त है और उसने वारदात के समय उसी की वर्दी पहन रखी थी। आरोपियों ने अपहृत दिलावर को पूरी रात सोनीपत के श्याम नगर स्थित आरोपी रोहित के कमरे में बंधक बनाकर रखा।

एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस ने बताया कि शनिवार को सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाएगी कि वारदात में और कौन-कौन आरोपी शामिल थे, अपहरण के पीछे क्या उद्देश्य था तथा इस साजिश की पूरी योजना किसने बनाई। इसके अलावा आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।

अपहृत दिलावर लकड़ी की ठेकेदारी करता है।

Comments


Leave a Reply