एम. ए. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत हेतु फ़्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी. (पीजी) कॉलेज, पानीपत के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा एम. ए. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत हेतु एक शानदार फ़्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सतवीर सिंह, उप प्राचार्या डाॅ. शशि प्रभा मलिक, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्षा डॉ किरण मदान, विपणन विभागाध्यक्षा डॉ पूनम मदान, पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ प्रवीण कुमार, राजनीति विज्ञान प्राध्यापिका खुशबू और अन्य सभी आदरणीय प्राध्यापकों ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ की।
प्राचार्य डाॅ. सतवीर सिंह ने विद्यार्थियों को नए सत्र के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि कॉलेज जीवन केवल किताबों तक सीमित नहीं है। यह वह समय है जब आप अपने व्यक्तित्व को निखारते हैं, नई चीजें सीखते हैं और अपनी छिपी प्रतिभा को जगाते हैं।मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ छात्र हर चुनौती को पार कर सकते हैं। उनके द्वारा अपने प्रयासों में सच्चाई और ईमानदारी बनाए रखा जाएं।
राजनीति विज्ञान की विभागाध्यक्षा डाॅ. किरण मदान ने नए विद्यार्थियों का राजनीति विज्ञान परिवार में स्वागत करते हुए अपने संबोधन में कहा कि आज का यह कार्यक्रम मनोरंजन के अवसर के साथ ही विद्यार्थियों को एक-दूसरे से और विभाग से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। राजनीति विज्ञान को एक विषय के रूप में चुनने का अर्थ है समाज के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभों को गहराई से समझने का मार्ग चुनना। यह विषय उन्हें जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करेगा। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि के रूप में डाॅ. पूनम मदान,डाॅ. प्रवीण कुमार, अंजली गुप्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं और प्रेरक शब्द साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को खिताब देकर सम्मानित किया गया जिसमें एम ए प्रथम वर्ष से अमित को मिस्टर फ्रेशर, नेहा को मिस फ्रेशर और कोमल को मिस इंटेलिजेंट का ताज दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, गायन, कविताओं और फैशन वॉक जैसी मनमोहक प्रस्तुतियों से मंच को जीवंत कर दिया।विद्यार्थियों के बीच उत्साह और आपसी सहयोग का सुंदर समन्वय देखने को मिला।मंच संचालन एम.ए. अंतिम वर्ष के विद्यार्थी मनीष , शिवानी, कामिनी और वंशिका द्वारा किया गया।
राजनीति विज्ञान विभाग से असिस्टेंट प्रोफेसर खुशबू, राहुल कुमार,पूजा, कुलदीप शर्मा और रवि किरण ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस आयोजन द्वारा विद्यार्थियों के बीच सहयोग और आत्मविश्वास की भावना को प्रगाढ़ किया गया।

Comments