Tuesday, August 11, 2026
Newspaper and Magzine


12 अगस्त को इसराना विधानसभा में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा: कृष्ण लाल पंवार

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 11, 2026 Tags: , , , ,

मडलौडा अनाज मंडी से शुरू होकर भालसी गांव में होगा तिरंगा यात्रा का समापन

BOL PANIPAT , 11 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के तहत 12 अगस्त को इसराना विधानसभा क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस तिरंगा यात्रा में हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार स्वयं सम्मिलित होकर क्षेत्रवासियों के साथ राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश देंगे। यह यात्रा मडलौडा अनाज मंडी से प्रारंभ होकर मार्केट के रास्ते होते हुए मडलौडा बस स्टैंड पर पहुंचेगी। इसके पश्चात यात्रा आगे बढ़ते हुए असंध रोड से होते हुए भालसी गांव पहुंचेगी, जहां तिरंगा यात्रा का भव्य समापन किया जाएगा। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि हाथों में तिरंगा लेकर शामिल होंगे।

विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का ध्वज नहीं, बल्कि यह भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रत्येक भारतीय के मन में होना चाहिए। हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से देशभक्ति का वातावरण तैयार हो रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में भी इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में इसराना विधानसभा में आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को लेकर लोगों में विशेष उत्साह है।

कृष्ण लाल पंवार ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि 12 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल होकर राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और गौरव को प्रदर्शित करें। उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की यात्रा है। तिरंगा हमें एकता, अखंडता, भाईचारे और देश के प्रति कर्तव्य का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व पटल पर निरंतर नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान दे। तिरंगे की शान और देश का सम्मान हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मंत्री ने कहा कि इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल हाथों में तिरंगा लेकर चलना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के दिल में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे इस यात्रा में बढ़-चढक़र भाग लें और देश की एकता, अखंडता तथा गौरव का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि 12 अगस्त को मडलौडा अनाज मंडी में एकत्र होकर तिरंगा यात्रा का हिस्सा बनें और भारत माता के जयघोष के साथ इस राष्ट्रव्यापी अभियान को और अधिक मजबूती प्रदान करें।

Comments


Leave a Reply