Tuesday, April 28, 2026
Newspaper and Magzine


प्रदेश की सभी 90 सीटों और हर बूथ पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी: राकेश चुघ

By LALIT SHARMA , in Politics , at July 18, 2024 Tags: ,

-दिल्ली और पंजाब में किए आम आदमी पार्टी के कामों को जनता तक लेकर जाएंगे: राकेश चुघ

-प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या: राकेश चुघ

-बीजेपी ने अग्निवीर योजना लाकर देश की सेना और युवाओं का अपमान किया: राकेश चुघ

BOL PANIPAT, 18 जुलाई, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष राकेश चुघ ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर प्रेसवार्ता कर पार्टी नेताओं पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान, राज्यसभा सांसद संजय सिंह और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन डॉ. संदीप पाठक ने जो निर्णय लिए हम उनका स्वागत करते हैं। उनके द्वारा दिए गए हर आदेश को जिला स्तर और विधानसभा स्तर पर लागू करेंगे। चुनाव में घर घर जाकर हरियाणा की जनता के मुद्दों पर बात की जाएगी और आम आदमी पार्टी द्वारा दिल्ली व पंजाब में किए गए कामों को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हरियाणा में विधानसभा चुनाव हैं तो आम आदमी पार्टी पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। हरियाणा की जनता ने सभी पार्टियों को मौका दिया। लेकिन सभी ने हरियाणा को लूटने का काम किया, इसलिए हरियाणा के लोग अब बदलाव चाहते हैं। हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल ने पूरे देश की राजनीति को बदला है। इसलिए इस बार जनता “बदलेंगे हरियाणा का हाल अब लाएंगे केजरीवाल” का नारा दे रही है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा फिरौती का उद्योग बन गया है। बीजेपी सरकार ने आंदोलन में हरियाणा के किसानों की मांगों को रौंदा और किसानों पर लाठियों बरसाई।

उन्होंने कहा कि बेरोज़गारी हरियाणा की सबसे बड़ी समस्या है। बीजेपी ने अग्निवीर योजना लाकर भारत की सेना का अपमान किया है। अग्निवीर योजना देश के साथ धोखा है ये वापस होनी चाहिए। इस चुनाव में ये भी आम आदमी पार्टी का मुद्दा होगा। किसानों की फसल के दाम का मुद्दा, जब भी किसान फसल के दाम की मांग करने जाता है तो उसको लाठियां मिलती हैं। बरोजगारी का मुद्दा, आज बीजेपी सरकार ने हरियाणा को किस हालत में पहुंचा दिया है, ये किसी से नहीं छिपा है। इसके अलावा हरियाणा में फिरौती उद्योग चल रहा है। विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी इन मुद्दों को उठाएगी।

उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हरियाणा की हालत बद से बदतर कर दी है। अब लोगों को आम आदमी पार्टी से उम्मीद है। क्योंकि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री के तौर पर काम करके दिखाया है। दिल्ली का मॉडल आज पूरे देश में चर्चा का विषय बन रहा है। जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी और बुजुर्गों की तीर्थ यात्रा का मॉडल शामिल है। आम आदमी पार्टी हरियाणा की सभी 90 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी।

Comments