Thursday, September 3, 2026
Newspaper and Magzine


जिले में लगभग सवा लाख परिवार होंगे आयुष्मान से कवर.

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 17, 2022 Tags: , , , , , ,

-पानीपत व समालखा में 21 नवम्बर को आयोजित किए जाएंगे कार्यक्रम
एक लाख 80 हजार तक की वार्षिक आय वाले परिवारों के बनेंगे आयुष्मान कार्ड

BOL PANIPAT , 17 नवंबर। आयुष्मान भारत योजना के तहत 1 लाख 80 हजार वार्षिक आय वाले गरीब परिवारों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए जाएंगे। इस योजना के तहत 21 नवम्बर को पानीपत व समालखा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस योजना के तहत पानीपत जिले में लगभग सवा लाख परिवार लाभान्वित होंगे। इस कार्यक्रम में लोकसभा सांसद संजय भाटिया पानीपत में तथा समालखा में राज्यसभा सांसद कृष्णलाल पंवार मुख्यअतिथि रहेंगे। यह जानकारी उपायुक्त सुशील सारवान ने दी।
उन्होंने बताया कि इस योजना को लेकर लोगों में जागरूकता लाने व पंजीकरण के लिए प्रेरित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा युद्ध स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य केंद्रों सहित जिला के अलग-अलग स्थानों पर कैंप लगाए जा रहे हैं। शिविरों में पात्र लाभार्थियों को पंजीकृत करने के लिए एएनएम व आयुष्मान मित्रों का सहयोग लिया जा रहा है। इस दौरान लोगों को इस योजना से मिलने वाले लाभ के बारे में भी विस्तार से बताया जाता है।
अटल सेवा केन्द्र से भी कर सकते हैं आवेदन
उपायुक्त ने बताया कि इस योजना के तहत कार्ड बनाने के लिए पात्र अटल सेवा केंद्र पर नि:शुल्क कार्ड बनवा सकते हैं। जिले में 900 के करीब कॉमन सर्विस सैंटर है जिनमें 500 केंद्र सक्रिय हैं। इन केंद्र पर जाकर पात्र लोग नि:शुल्क कार्ड बनवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पूरे परिवार का 5 लाख रुपये तक का वर्ष में एक बार इलाज अधिकृत अस्पतालों में नि:शुल्क किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में 55 अस्पताल इन पैनल्ड है जहां कार्ड धारी लगभग दो हजार बीमारियों का इलाज 5 लाख रुपये की राशि तक मुफ्ïत वर्ष में एक बार करवा सकते हैं।
आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. मनीष पासी ने बताया कि यह अभियान 100 दिनों तक चलेगा जिसमें लगभग सवा लाख जरूरतमंद परिवारों की परिवार पहचान पत्र के माध्यम से पहचान की गई है, उन्हें यह सुविधा प्रदान करने का स्वास्थ्य विभाग द्वारा लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला के जो परिवार इस योजना के पात्र हैं उनको विभाग द्वारा संदेश भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि नए कार्ड बनाने के लिए पात्र लोगों से आवेदन प्राप्त कर विभाग के कर्मचारियों द्वारा नियमानुसार पंजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस कार्य को प्रदेश सरकार द्वारा समयबद्ध सीमा में पूरा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

Comments