जबरन वसूली का दबाव बनाने का आरोपी गिरफ्तार. छीनी गई बाइक बरामद.
-सूदखोरों के खिलाफ पानीपत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी
BOL PANIPAT : 22 सितंबर 2025, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में पानीपत पुलिस द्वारा सूदखोरों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में थाना औद्योगिक सेक्टर 29 पुलिस ने विकास नगर निवासी व्यक्ति से जबरन वसूली का दबाव बनाने व धमकी देने के मामले में आरोपी चुलकाना निवासी कल्लू को रविवार शाम को विकास नगर से गिरफ्तार किया। जबरन वसूली का दबाव बनाने के लिए आरोपी ने व्यक्ति के बेटे से बाइक छीनकर धमकी भी दी थी।
थाना औद्योगिक सेक्टर 29 प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल ने बताया कि आरोपी कल्लू के कब्जे से छीनी गई बाइक बरामद कर पुलिस ने सोमवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसकी बेल हो गई।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल ने बताया की थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में विकास नगर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह मेहनत मजदूरी करता है। वर्ष 2023 में वह सख्त बीमार हो गया था। इलाज करवाने के लिए पैसों की जरूरत थी। उसकी पत्नी ने चुलकाना निवासी कुल्लू से 20 हजार रुपये 10 प्रतिशत ब्याज पर लिए थे। वह कुल्लू को ब्याज सहित 30 हजार लौटा चुके हैं। इसके बाद भी कुल्लू ब्याज के और 15 हजार रूपए मांग रहा है। 21 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे उसका बेटा बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। विकास नगर में टीसीएस स्कूल के पास कुल्लू ने उसका रास्ता रोक लिया। कल्लू ने बेटे को कहा उसके ब्याज के 15 हजार रूपए देकर अपनी बाइक ले जाना। कुल्लू बाइक लेकर जाते हुए बेटे को किसी को इस बारे बताने पर जान से मारने की धमकी देकर गया है।
थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में व्यक्ति की शिकायत पर बीएनएस की धारा 308(2), 126(2), 351(3) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments