Friday, August 21, 2026
Newspaper and Magzine


देसी पिस्तौल सहित आरोपी गिरफ्तार, आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at August 21, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 21 अगस्त : सीआईए टू पुलिस ने सेक्टर-18 गंदा नाला पुलिया के पास एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान हरिसिंह कॉलोनी, विजय नगर निवासी शुभम उर्फ सुबा के रूप में हुई है।

सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसको अवैध हथियार रखने का शौक है। वह हथियार रखने का शौक पूरा करने के लिए कुछ महीने पहले यूपी के मुजफ्फरनगर बाईपास पर मिले एक युवक से 2100 रुपये में देसी पिस्तौल खरीदकर लाया था। बाद में वह अवैध पिस्तौल को साथ लेकर चलने लगा। थाना सेक्टर 13/17 में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी शुभम उर्फ सुबा को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही असला सप्लायर के ठिकानों का पता लगाकर उसे काबू करने का प्रयास करेगी।

प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि सीआईए टू की एक टीम वीरवार शाम को गश्त व जांच-पड़ताल के दौरान सेक्टर-18 में गंदा नाला पुलिया पर थी। टीम को इसी दौरान निजामपुर पुल की ओर से एक संदिग्ध युवक आता हुआ दिखाई दिया। युवक पुलिस टीम को देखकर एकदम से वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर ही युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान शुभम उर्फ सुबा पुत्र लोकिन निवासी हरिसिंह कॉलोनी, विजय नगर के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसकी पहनी हुई पेंट की जेब से एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ। पिस्तौल को खोलकर देखा तो वह अनलोड मिला।
आरोपी शुभम उर्फ सुबा का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ मारपीट व आर्म्स एक्ट के 3 मामले दर्ज हैं। आरोपी वर्ष 2021 में जेल से बेल पर बाहर आया था।

Comments


Leave a Reply