बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द ,तत्काल ड्यूटी पर लौटने के निर्देश
जिले में धारा 163 लागू
प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार
पानी की आपूर्ति बाधित नहीं होने देंगे; बिजली केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश
BOL PANIPAT , 22 अक्टूबर। बिजली कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने की स्थिति में जिले में आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो और कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बृहस्पतिवार को जिला सचिवालय में विभिन्न विभागों के अध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ हरीश ने स्पष्ट किया कि जिले में बिजली और पानी की आपूर्ति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिले के सभी उपमंडलों में धारा 163 लागू कर दी गई है। प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार है। जहां भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने या सरकारी व्यवस्था में बाधा डालने की कोशिश की जाएगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सभी विभागों के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखें और किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही उसका समाधान सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने विशेष रूप से जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं। उपायुक्त ने कहा कि जो कर्मचारी छुट्टी पर गए हुए हैं, उनकी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं तथा उन्हें तत्काल ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी उपमंडल अधिकारी अपने-अपने स्तर पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करें। इसके अतिरिक्त ग्राम सचिवों की भी ड्यूटी लगाई गई है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की निगरानी की जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी को इस व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि बिजली व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए तकनीकी कर्मचारियों की उपलब्धता एक चुनौती हो सकती है। प्रशासन इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रहा है और आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में बिजली और पानी की उपलब्धता की भी समीक्षा की जाए। जहां तकनीकी कर्मचारियों, मैकेनिक या अन्य संसाधनों की आवश्यकता हो, वहां नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि निगरानी बढ़ाई जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। अधिकारी आपसी तालमेल के साथ काम करें तथा समस्या सामने आने पर तत्काल समाधान करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली केंद्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है। किसी भी व्यक्ति द्वारा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, बिजली आपूर्ति में बाधा डालने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी।
एसपी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी और पुलिसकर्मी आपसी समन्वय बनाए रखें तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करें। कानून व्यवस्था बनाए रखना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, अतिरिक्त निगम आयुक्त विवेक चौधरी, एसडीएम मनदीप, एसडीएम समालखा अमित कुमार एसडीएम इसराना नवदीप, नगराधीश टीनू पोसवाल , उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के मुख्य अभियंता विजय पोपली, एसई धर्म सिंह सुहाग, कार्यकारी अभियंता डी एस धीमान, सीएमओ विजय मलिक आदि मौजूद रहे।

Comments