Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत में अवैध भ्रूण लिंग जांच के सक्रिय एजेंट को काबू किया।  

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at January 9, 2024 Tags: , , , , , , ,

गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए उत्तर प्रदेश ले जाता था एजेंट

 BOL PANIPAT : पानीपत की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उत्तर प्रदेश में अवैध तरीके से चल रहे भ्रूण लिंग जांच  का पर्दाफाश किया है। राणा माजरा रहने वाले एजेंट को पकड़ा गया है। एजेंट के  कब्जे से मुजफ्फरनगर के एक अस्पताल की अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट जब्त की गई।

टीम की ओर से बनाई गई नकली महिला ग्राहक (डिकोय)  से भी पूछा, तो उसने बताया कि 20 हजार रुपए लेकर आरोपी ने गर्भ में पल रहे भ्रूण का लिंग लड़की बताया। हालांकि टीम ने आरोपी की गाड़ी का मुजफ्फरनगर तक पीछा किया, लेकिन जाम में फंसने की वजह टीम मौके पर अस्पताल तक नहीं पहुंच पाई परन्तु  वापसी में एजेंट की गाड़ी को पकड़ा गया। सनौली थाना में केस दर्ज करवाया गया है।

मामले की शिकायत सनौली थाना पुलिस को दी गयी है। शिकायत में PNDT नोडल ऑफिसर डॉ. पवन कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि पानीपत जिला और इसके आस-पास के क्षेत्रों में अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच किया एवं करवाया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए उत्तर प्रदेश ले जाया जाता है।

गुप्त सूचना के आधार पर भ्रूण लिंग जांच के लिए सूचना देने वाले के माध्यम से एजेंट अमजद निवासी राणा माजरा से 20 हजार में सौदा तय हुआ। 5 जनवरी को टीम का गठन किया गया। इसके बाद 12 सप्ताह की एक गर्भवती महिला से टीम ने संपर्क किया। जिसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत सामाजिक कार्य में सहयोग देने में नकली ग्राहक के रूप में अवैध भ्रूण लिंग जांच करवाने के लिए पूछा गया।

उसकी सहमति पर 8 जनवरी को सूचना देने वाले माध्यम से अमजद से संपर्क किया गया। अमजद गर्भवती महिला को अपनी गाड़ी में बैठा कर यूपी के मुजफ्फरनगर ले गया। टीम ने उसका यहां तक पीछा किया। लेकिन यहां जाम में गाड़ी फंसने की वजह अमजद की गाड़ी टीम की आंखों से ओझल हो गई। महिला से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। काफी इंतजार के बाद पता लगा कि लिंग जांच करवाने के बाद वे वापस पानीपत की ओर रवाना हो चुके हैं।

टीम ने सनौली नाका पर आपसी तालमेल के जरिए अमजद की गाड़ी को रूकवाया। जहां से टीम ने अमजद के कब्जे से वशिष्ठ अस्पताल मुजफ्फरनगर की अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट ली। दलाल अमजद को भ्रूण लिंग जांच के बारे में पूछा गया तो उसने स्वीकार किया कि उसने खुद महिला को उसके गर्भ में पल रहे भ्रूण का लिंग लड़की बताया है।

Comments