एटक कार्यकर्ताओं ने कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
BOL PANIPAT : 3 अगस्त हरियाणा ए आई टी यू सी ( एटक) लाल के राज्यव्यापी आहवान पर एटक कार्यकर्ताओं ने आज यहाँ लघु सचिवालय के सामने पुल के नीचे धरना लगाया और सरकार की मजदूर, कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। हरियाणा एटक के प्रदेश उपाध्यक्ष दरियाव सिंह कश्यप, एटक राज्य सचिव एवं वरिष्ठ रोडवेज़ कर्मचारी नेता रणबीर शर्मा, रोडवेज़ कर्मचारी यूनियन हरियाणा के जिला अध्यक्ष चरण सिंह मदान, एटक के जिला सचिव पवन कुमार सैनी आदि ने धरनार्थियों को सम्बोधित किया। मजदूर – कर्मचारी नेताओं ने केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकारों की जन विरोधी नीतियों की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश के गुरूग्राम, पंचकुला, पानीपत, सोनीपत आदि औद्योगिक केन्द्रों पर मालिकों ने मजदूरों पर दमन चक्र चला रखा है और श्रम विभाग आंख बंद करके मालिकों के पक्ष में खडा है। वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र के साथ साथ राज्य सरकार भी राज्य के पब्लिक सेक्टर को तबाह करने पर उतारु है और सभी विभागों में जोरशोर से ठेकेदारी प्रथा लागू कर रही है।

धरने के बाद एटक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सुशील सारवान को मुख्यमंत्री के नाम एक 7 सूत्री मांगपत्र दिया। मांगपत्र में गुरुग्राम, पंचकुला आदि केन्द्रों पर चल रहे श्रमविवाद का सम्मानजनक हल निकालने ,भवन निर्माण के कामगारों से संबंधित 2018 की अधिसूचना को लागु करने, एक महिने के अन्दर भवन निर्माण के श्रमिकों के दावों को स्वीकार करने, राज्य के सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पैंशन नीति बहाल करने, सेवानिवृत्ति राज्य कर्मचारियों की 65 – 70 – 75 की वर्षो से लंबित योजना को लागु करने, अग्निवीर – अग्निपथ योजना को निरस्त करके सैना में स्थाई भर्ती शुरु करने, महंगाई पर रोक लगाने, श्रम कानून में मालिकप्रस्त संशोथन वापस लेने, राज्य सरकार के संस्थानों के नीजिकरण करने पर रोक लगाने आदि मांगे शामिल हैं। धरने पर सुरेश अहलावत, राकेश शर्मा, कृष्ण खिलाड़ी जितेन्द्र ढांडा, मदन रावल, संजय तंवर, कृष्ण कुमार सेनी, भूपेन्द्र कश्यप ,दुर्गा दास, प्रदीप कश्यप, नारायण आदि एटक कार्यकर्ता शामिल रहे।

Comments