Tuesday, July 14, 2026
Newspaper and Magzine


मरीज का संपूर्ण ट्रैक रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से रखे सभी हॉस्पिटल, इलाज की नियमित निगरानी करना सुनिश्चित करें डॉक्टर: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 14, 2026 Tags: , , , , ,

स्वास्थ्य सेवाओं पर उपायुक्त का सख्त एक्शन, सामान्य अस्पताल व आर्टियोस हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण

मरीजों की सुविधा सर्वोपरि, उपायुक्त ने अस्पतालों में सफाई, व्यवस्था और एसओपी पर दिए कड़े निर्देश

नशामुक्ति से लेकर पोषण तक हर व्यवस्था की परखी हकीकत, उपायुक्त ने दिए सुधार के निर्देश

अस्पतालों में बेहतर उपचार और स्वच्छता पर फोकस

BOL PANIPAT, 14 जुलाई। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने मंगलवार को सामान्य अस्पताल और आर्टियोस हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, सफाई व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशानिर्देश दिए।  उपायुक्त ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत की और अस्पताल प्रशासन को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल केवल इलाज का केंद्र नहीं, बल्कि मरीजों के विश्वास का भी केंद्र होते हैं। प्रत्येक मरीज को स्वच्छ वातावरण, समय पर उपचार, आवश्यक दवाइयां और संवेदनशील व्यवहार मिलना चाहिए। अस्पतालों में साफ-सफाई, सभी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं और निर्धारित एसओपी का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए। मरीजों की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सामान्य अस्पताल के आपातकालीन विभाग, वात्सल्य पोषण पुनर्वास केंद्र, बाल रोग विभाग, सार्वजनिक प्रयोगशाला, महिला वार्ड, मानसिक स्वास्थ्य केंद्र, मेडिसिन कक्ष का निरीक्षण किया।

   उन्होंने भर्ती मरीजों से उनके उपचार, दवाइयों की उपलब्धता, भोजन, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
मेडिसिन कक्ष में एक्सपायरी दवाइयों के रखरखाव और उनके सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने और उसका सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने नशा मुक्ति से जुड़े मरीजों से भी बातचीत की। बिहार निवासी मुस्तकीम से नशे की लत के कारणों को जाना, जबकि उत्तर प्रदेश की काजल से उनकी आपातकालीन स्थिति के बारे में जानकारी ली।  

  उपायुक्त ने पूर्व में भर्ती रहे रोहित और राजीव से फोन पर बात कर उनकी वर्तमान स्थिति जानी तथा उन्हें भविष्य में नशे से पूरी तरह दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य कक्ष का निरीक्षण भी किया और जिले के रोगियों की स्थिति जानी।  महिला वार्ड और बाल रोग विभाग के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार, पोषण आहार और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। पोषण पुनर्वास केंद्र में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा निर्धारित एसओपी के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। इसके बाद उपायुक्त ने आर्टियोस हॉस्पिटल का निरीक्षण कर साइकयाट्रिक वार्ड, ओपीडी और मरीजों के उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को प्रत्येक मरीज का संपूर्ण ट्रैक रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से रखने और इलाज की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    उपायुक्त ने दोनों अस्पतालों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, दवाइयों की उपलब्धता, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता, पेयजल, शौचालयों की स्वच्छता, बिजली, बैठने की व्यवस्था, मरीजों के लिए पर्याप्त बेड, ऑक्सीजन, आपातकालीन सेवाएं तथा चिकित्सकों और स्टाफ की समय पर उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान उनके साथ सीएमओ विजय मलिक, सीएमजीजीए आदिति, डॉ. मोना नागपाल, डॉ. जसवीर मलिक, डॉ. ललित वर्मा, डॉ. अमित सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply