Sunday, August 2, 2026
Newspaper and Magzine


नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत, हर युवा बने बदलाव का वाहक : कृष्ण लाल पंवार

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 2, 2026 Tags: , , , , , , ,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संदेश सुना, मंत्री ने युवाओं से नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने का किया आह्वान

शिव ध्वज और कलश के साथ किया नशा मुक्ति युवा कार्यक्रम का आगाज

संस्था के लिए 11 लाख देने की मंत्री ने की घोषणा

BOL PANIPAT , 2 अगस्त–प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मतलौडा स्थित ज्ञान मानसरोवर सभागार में आयोजित ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ कार्यक्रम में हरियाणा के पंचायत विकास एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नशा मुक्त भारत अभियान पर वर्चुअल संदेश सुना। इसके बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान केवल एक सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का राष्ट्रीय जनआंदोलन है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कृषि, उद्योग और राष्ट्र निर्माण में लगाएगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लें और समाज में भी जागरूकता फैलाकर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं।
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि संस्कार, स्वस्थ जीवनशैली और आत्मविश्वास विकसित भारत की सबसे बड़ी पूंजी हैं। नशा युवाओं की प्रतिभा, परिवार और भविष्य को बर्बाद करता है। इसलिए हर युवा को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर जीवन में आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चला रही है। एंटी नारकोटिक सेल सक्रिय रूप से कार्य कर रही है तथा स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में सरकार के साथ समाज की भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है।
मंत्री ने बताया कि प्रदेश की लगभग 6,280 पंचायतों में युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित करने के लिए सैकड़ों गांवों में इंडोर जिम और खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्वस्थ युवा ही नशे जैसी बुराई को परास्त कर सकते हैं।
उन्होंने राष्ट्रमंडल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले नीरज चोपड़ा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे हरियाणा और देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। इस दौरान उन्होंने सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही संस्था को 11 लाख रुपये की सहायता राशि देने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सेंटर के निदेशक भारत भूषण ने कहा कि नशा केवल शरीर को नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और पूरे समाज को कमजोर करता है। उन्होंने युवाओं से राजयोग, आध्यात्मिक मूल्यों और श्रेष्ठ संस्कारों को अपनाकर नशा मुक्त जीवन जीने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बच्चों ने नशा मुक्ति विषय पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
इस मौके पर एसडीएम नवदीप, तहसीलदार वीरेंद्र गिल, बीके सरला, बीके सुमन ,सुनीता सहित अनेक गणमान्य नागरिक, युवा एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply