Monday, June 15, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य कॉलेज ने खेलों इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 में जीते पदक.

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at December 9, 2025 Tags: , , , ,

– खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व का विकास करते हैं: वीरेंद्र शिंगला  

BOL PANIPAT , मंगलवार 09 दिसंबर 2025, आर्य पीजी कॉलेज के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 24 नवंबर से 5 दिसंबर  तक जयपुर में आयोजित खेलों इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में 2 कांस्य पदक जीत कर कॉलेज का नाम रोशन किया। कॅालेज प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने सभी विजेता प्रतिभागियों को कॉलेज प्रांगण में पहुंचने पर बधाई दी व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य ने इस जीत का श्रेय शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.राजेश टूर्ण सहित अन्य स्टाफ सदस्यों को दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रबंधन समिति के उप-प्रधान वीरेंद्र शिंगला ने अपने सम्बोधन में कहा कि आर्य कॉलेज के विद्यार्थी न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि खेलकूद के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रहना चाहिए क्योंकि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व जैसी गुणों का विकास करते हैं।
वहीं, प्रबंधन समिति के कोषाध्यक्ष पीयूष आर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी समान रुचि रखनी चाहिए, क्योंकि खेल न केवल शारीरिक बल बल्कि मानसिक संतुलन और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होना चाहिए। खेलों से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि जीवन में आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व के गुण भी विकसित होते हैं। खेल हमें हार-जीत दोनों परिस्थितियों में धैर्य और संतुलन सिखाते हैं।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक जयपुर में आयोजित खेलों इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में देश भर से टॉप 8 टीमों ने भाग लिया था । जिसमे आर्य कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 ब्रॉन्ज पदक हासिल किए। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बीए के छात्र राहुल ने 10 मीटर व बी. कॉम की  छात्रा अंजली ने 25 मीटर पिस्टल शूटिंग में कांस्य पदक हासिल किए । इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टूर्ण, कोच राजेंद्र देशवाल, अनूप गुलिया, सुनील पहल, प्राध्यापिका रजनी सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Comments