Friday, May 1, 2026
Newspaper and Magzine


अफवाहों से बचें, जिले में ईंधन और गैस की कोई कमी नही: उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 16, 2026 Tags: , , , , ,

-जिले में पेट्रोल-डीजल, सीएनजी व गैस की आपूर्ति रहेगी सुचारू

-ब्लैक मार्केटिंग व जमाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई, ईंधन आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश

-पेट्रोल पंप व गैस एजेंसियों की होगी नियमित जांच, प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश

BOL PANIPAT , 16 मार्च। जिला उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा है कि जिले में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी गैस की आपूर्ति व वितरण को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त डॉ दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आमजन को पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी और आपूर्ति व्यवस्था को लगातार मॉनिटर किया जाएगा।

    उपायुक्त ने बताया कि पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों तक टैंकरों की आवाजाही सुरक्षित और सुचारू बनी रहे, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। यदि कहीं हड़ताल, विरोध या रास्ता अवरुद्ध होने जैसी स्थिति बनती है तो उसे तुरंत नियंत्रित किया जाएगा। उपायुक्त डॉ. दहिया ने संबंधित तेल कंपनियों के बिक्री अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीन आने वाले पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के स्टॉक और बिक्री की रिपोर्ट प्रतिदिन सुबह 9 बजे और शाम 5 बजे जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक कार्यालय की ई-मेल आईडी पर भेजना सुनिश्चित करें, ताकि समय पर प्रशासन को स्थिति की जानकारी मिल सके।

  उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की किसी प्रकार की कमी नहीं है और आमजन को घबराकर अतिरिक्त ईंधन या गैस जमा करने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही ब्लैक मार्केटिंग और जमाखोरी को रोकने के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम और एलपीजी गैस ऑर्डर 2000 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने खाद्य एवं पूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों की नियमित जांच करें तथा यह सुनिश्चित करें कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग रोकने और निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूलने पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि जिले में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और गैस की आपूर्ति सामान्य है तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

    उपायुक्त डॉ. दहिया ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे पेट्रोलियम पदार्थों का उपयोग सामान्य रूप से करें और अनावश्यक घबराहट या अफवाहों से बचें, ताकि जिले में आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।

Comments