राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पानीपत पुलिस का जागरूकता अभियान.
-पुलिस की टीमों ने विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को मोबाइल के दुरुपयोग, नशे से होने वाले दुष्परिणामों तथा साइबर क्राइम बारे जानकारी देकर जागरूक किया
BOL PANIPAT : 28 अक्तूबर 2025, पुलिस महानिदेशक हरियाणा ओ.पी. सिंह आईपीएस के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक पानीपत भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व में पानीपत पुलिस द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिले भर में जागरूकता अभियान चलाया है। 31 अक्टूबर 2025 को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष में हर वर्ष की भांति राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे जोश व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
जिला पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा इसी कड़ी में मंगलवार को विभिन्न स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को समाज में एकता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणाम, नशे के खतरे तथा साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रेखा ने टीम के साथ अंसल स्थित पाइट संस्कृति स्कूल व सावित्रि शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल नोल्था में व थाना सेक्टर 13/17 प्रभारी इंस्पेक्टर किरण ने दयाल सिंह पब्लिक स्कूल में, थाना मतलौडा प्रभारी सब इंस्पेक्टर पवन ने भारतीय विद्या मंदिर निकेतन स्कूल मतलौडा, थाना बापौली पुलिस ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खोजकीपुर व बीआरएम स्कूल बापौली, थाना माडल टाउन प्रभारी सब इंस्पेक्टर जगमिंदर ने डॉ एमकेके स्कूल माडल टाउन व थाना पुराना औद्योगिक प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र ने इंस्टीटयूट ऑफ होटल मैनेजमेंट रामलाल चौक में पहुंचकर विद्यार्थियों को साइबर अपराधों व नशे के दुष्परिणामों से बचने व सोशल मीडिया के सही इस्तेमाल करके साइबर ठगों से बचने बारे विस्तार से जानकारी दी। बच्चों ने भी कलाकृतियों के माध्यम से मोबाइल फोन के नुकसान, नशे व साइबर पर कलाकृतियां बनाकर इस जानकारी को आत्मसात किया।
पुलिस अधिकारियों ने इस दौरान विद्यार्थियों को बताया कि मोबाइल और इंटरनेट का प्रयोग सोच-समझकर करें, किसी भी अज्ञात लिंक या संदेश पर क्लिक न करें तथा अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर राष्ट्रीय हेल्पलाइन न. 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं और अपने नजदीकी थाना में साइबर हेल्प डेस्क पर अपनी शिकायत दें। साथ ही नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मोबाइल के फायदे व नुकसान बारे बताते हुए कहा कि मोबाइल फोन का कम से कम इस्तेमाल करना चाहिए । मोबाइल से दूर हटकर खेल कूद जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए, जिससे आत्मविश्वास को मजबूती मिले और टीम भावना का विकास हो ।
नशे की लत मनुष्य के जीवन बर्बाद कर देती है
नशा कोई भी हो वह परिवार को बर्बाद कर देता है । समाज में अधिकांश अपराध नशे के कारण ही हो रहे है । पहले युवा गलत संगत में आकर व शोक के कारण इस लत में पड़ जाता है । बाद में नशे की लत पड़ने पर उसका जीवन बर्बाद हो जाता है। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने के प्रेरित किया।

Comments