Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


हाली अपना स्कूल में बाबा साहेब का निर्वाण दिवस एवं शहीद क्रांति कुमार का जन्मदिवस धूमधाम से मनाया गया


BOL PANIPAT : माता सीता रानी सेवा संस्था द्वारा संचालित हाली अपना स्कूल में आज भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर का 69वां निर्वाण दिवस तथा शहीद क्रांति कुमार का जन्मदिवस अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंडियन लायर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष एडवोकेट पवन कुमार सैनी रहे। उन्होंने अपने सारगर्भित उद्बोधन में बाबा साहेब अम्बेडकर के जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही शहीद क्रांति कुमार के बलिदान को याद करते हुए युवाओं से देशहित में समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी।

मुख्य अतिथि का स्वागत एवं परिचय एडवोकेट राम मोहन राय ने किया। विद्यालय की छात्रा गीतिका एवं न्यायिका ने भी बाबा साहेब के विचारों तथा शहीद क्रांति कुमार के योगदान पर अपने ओजपूर्ण विचार व्यक्त किए, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन माता सीता रानी सेवा संस्था की महासचिव एवं हाली अपना स्कूल की मुख्य अध्यापिका पूजा सैनी ने किया। अंत में संस्था की अध्यक्ष कृष्णा कांता ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं बच्चों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर मधु यादव, रोजी चावला ,सोनी यादव,सोनू, ललिता सहित संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बाबा साहेब एवं शहीद क्रांति कुमार के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति एवं सामाजिक समरसता से जुड़े गीत एवं नृत्य भी प्रस्तुत किए, जिसने वातावरण को और भी भव्य बना दिया। संस्था द्वारा सभी उपस्थित लोगों को जलपान की भी व्यवस्था की गई थी।

Comments