साइबर जागरुकता के संदर्भ में पानीपत पुलिस द्वारा किया गया बाइक रैली का आयोजन.
साइबर अपराध हेल्पलाईन नंबर 1930 के बारे में आमजन को जागरुक करने के लिए 1930 मीटर बाइक रैली निकालने के साथ ही विभिन्न स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित कर छात्र/छात्राओं व आम नागरिक को साइबर क्राइम बारे जानकारी देकर जागरूक किया ।
विभिन्न स्कूलों में करीब 15 हजार छात्र/छात्राओं के अतिरिक्त विभिन्न स्थानों पर 4 हजार आम नागरिकों को किया गया जागरूक
BOL PANIPAT : 7 सितम्बर 2022, पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन (आईपीएस) के मार्गदर्शन में बुधवार को पानीपत पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता के संदर्भ में साइबर अपराध हेल्पलाईन नम्बर 1930 के बारे मे आमजन को जागरुक करने के लिए उप पुलिस अधीक्षक संदीप के नेत्रत्व में 1930 मीटर बाइक रैली का आयोजन करने के साथ ही डॉ0 एमकेके स्कूल मॉडल टाउन, बाल विकास प्रोग्रेसिव स्कूल जाटल, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल पुलिस लाईन, द मिलेनियम अंसल, पॉइट संस्कृति स्कूल एनएफएल, सेंट मैरी स्कूल असंध रोड़ व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनौली में नुक्कड़ नाटक, रस्साकसी, पेंटिंग प्रतियोगिता इत्यादि का आयोजन कर साइबर विशेषज्ञ पुलिस कर्मियों द्वारा छात्र छात्राओं व आमजन को जागरूक किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में सभी थाना प्रबंधकों, यातायात इंचार्जों व उनकी टीम की विशेष रूप से भूमिका निभाई।
बाइक रैली थाना शहर परिसर से शुरु होकर जीटी रोड स्काईलार्क कट, सरकारी अस्पताल, बस स्टेंड, लाल बत्ती चौक, संजय चौक, सनौली रोड़ शिव चौक से वापिस जीटी रोड, गोहना मोड़ रेलवे रोड कट, अंसध रोड कट से होते हुए लघु सचिवालय में आकर समापन्न हुआ।
उप पुलिस अधीक्षक संदीप ने बताया कि तकनीकी के इस युग में साइबर अपराध बढ़ता जा रहा है। पुलिस महानिदेशक हरियाणा प्रशांत कुमार अग्रवाल (आईपीएस) के आदेशानुसार साइबर अपराध के बारे आमजन को जागरुक करने के लिए पूरे प्रदेश में महीने के प्रथम बुधवार को साइबर जागरुकता बारे अलग-2 कार्यक्रम आयोजन कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साइबर अपराध हेल्पलाईन नंबर 1930 की जानकारी आमजन तक पहुचांने के लिए ही 1930 मीटर बाइक रैली का आयोजन किया गया है ताकि 1930 साइबर अपराध हेल्पलाईन नंबर के बारे मे हर व्यक्ति जागरुक हो सके व साइबर अपराध से बच सके।
उप पुलिस अधीक्षक संदीप ने बताया साइबर जागरुकता रैली का मुख्य उद्देशय आमजन को साईबर अपराधों बारे जागरुक करना व उनसे बचने के तरीकों बारे जागरुक करना है। अगर आपके साथ किसी भी प्रकार की ऑन लाइन ठगी हो जाती है तो तुरंत नेशनल साइबर कंप्लेंट पोर्टल नंबर 1930 पर कॉल करें और www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाईन शिकायत दर्ज करवाये जितनी जल्दी हो सके शिकायत दर्ज करवाये। इसके अलावा साइबर अपराध थाना पानीपत या नजदीक पुलिस स्टेशन में साइबर हेल्प डेस्क पर भी अपनी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है तथा साइबर अपराध के बारे में सहायता ली जा सकती है।
उप पुलिस अधीक्षक संदीप ने बताया कई बार जानकारी के अभाव में साइबर क्राइम के शिकार हो जाते हैं। लोग फोन पर ओटीपी और अपने बैंक एकाउंट की जानकारी साझा कर देते हैं, जिसके बाद खाते से रुपये गायब हो जाते है, फिर खाता धारक परेशान हो जाते हैं। अपने खाते की जानकारी किसी से भी साझा न करें। एटीम का पासवर्ड किसी को न बताएं। किसी भी प्रकार के लालच में आकर अपनी बैंक डिटेल किसी को न बताएं। धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर फोन करें। खाते की केवाईसी अपडेट करने के नाम पर किसी को भी ओटीपी, सीवीसी या पिन नम्बर न बताएं।

Comments