Monday, September 21, 2026
Newspaper and Magzine


रक्तदान से बचाई जा सकती है किसी की अनमोल जिंदगी: राज्य सभा सांसद संजय भाटिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 21, 2026 Tags: , , , , , , , , ,

रक्तदान महादान, एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को दे सकता है नया जीवन: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
सेवा संकल्प अभियान में उमड़ा रक्तदान का जज्बा, 175 से ज्यादा लोगों ने किया रक्तदान
आर्य पीजी कॉलेज में सेवा का संकल्प, रक्तदान शिविर में दिखा उत्साह

BOL PANIPAT , 21 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को स्थानीय आर्य पीजी कॉलेज के हाल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 175 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सेवा और मानवता की मिसाल पेश की। शिविर का आयोजन पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज के नेतृत्व में किया गया। रक्तदान को लेकर युवाओं सहित अन्य लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया और रक्तदाताओं ने आगे बढक़र इस पुनीत कार्य में भागीदारी की।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संजय भाटिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान केवल रक्त देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन देने का संकल्प है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा की भावना को मजबूत करना है और रक्तदान इसका सबसे प्रभावी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार सेवा कार्यों से जुडऩा चाहिए। रक्तदान के माध्यम से हम अनजान जरूरतमंद व्यक्ति की भी जिंदगी बचाने में योगदान दे सकते हैं।
संजय भाटिया ने कहा कि सेवा का संकल्प माता-पिता की सेवा, जरूरतमंद की मदद, आपसी सहयोग और भाईचारे को मजबूत करने का भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि समाज को जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता और आपसी सहयोग की भावना के साथ आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, रक्तदाताओं और जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत किए जा रहे आयोजन सराहनीय हैं।
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का ऐसा कार्य है, जिसका सीधा लाभ जरूरतमंद मरीज को मिलता है। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू हुआ यह अभियान पूरे एक माह तक सेवा कार्यों को गति देगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजन से सेवा भाव के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया।  
कार्यक्रम में पहुंचने पर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने राज्यसभा सांसद संजय भाटिया और भाजपा प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।    
जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कहा कि रक्तदान शिविर के दौरान रक्तदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सेवा संकल्प अभियान को सार्थक बनाने में योगदान दिया।  
शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि छोटे-छोटे सेवा प्रयास मिलकर बड़े बदलाव का आधार बनते हैं। रक्तदान शिविर में जिस उत्साह के साथ लोगों ने भाग लिया, वह समाज में मजबूत हो रही सेवा भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किया गया रक्त किसी जरूरतमंद मरीज की जान बचाने में काम आ सकता है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया और उनके सेवा भाव की सराहना की।  
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी दुर्घटना में घायल व्यक्ति, गंभीर रूप से बीमार मरीज, गर्भवती महिला या किसी अन्य जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में उपयोगी हो सकता है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए रक्तदाताओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि स्वस्थ और पात्र नागरिक नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि देश और समाज के प्रति निष्ठा केवल शब्दों से नहीं, बल्कि ऐसे सेवा कार्यों में भागीदारी से भी प्रकट होती है।  
मेयर कोमल सैनी ने रक्तदान शिविर में पहुंचे सभी रक्तदाताओं, कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान के लिए आगे आना मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके इस योगदान से जरूरतमंद लोगों को जीवन की उम्मीद मिलती है।  
डॉ. अर्चना गुप्ता ने रक्तदान करने वाले लोगों को बैज लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया। शिविर में रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय मलिक, रेडक्रॉस सचिव गौरव रामकरण, प्रिंसिपल जगदीश गुप्ता, लोकेश नागरू, धर्मपाल जागलान, मार्केट कमेटी अध्यक्ष अवतार शास्त्री, प्रभारी ललित बत्रा, डॉ. गौरव, डॉ. पूजा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply