Wednesday, June 17, 2026
Newspaper and Magzine


नशा तस्करों की कमर तोड़ी, अब जड़ से खत्म करने का लक्ष्य: डीआईजी सुनील दलाल आईपीएस

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at June 17, 2026 Tags: , , , , ,

नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की भागीदारी जरूरी, युवाओं की जागरूकता से बनेगा ड्रग फ्री हरियाणा; एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस

BOL PANIPAT, 17 जून : हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा पानीपत पुलिस के सहयोग से गीता यूनिवर्सिटी के सभागार में बुधवार को नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के डीआईजी सुनील दलाल ने सभागार में मौजूद विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों व आसपास के गांवों के सरपंचों व मौजिज व्यक्तियों को संबोधित करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही नशे को जड़ से खत्म किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार और पुलिस विभाग द्वारा नशे के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर लगातार प्रहार किए गए हैं और उनकी कमर तोड़ने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य इस अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करना है। इसके लिए विभिन्न एजेंसियों के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।

डीआईजी सुनील दलाल आईपीएस ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इसी दिशा में हरियाणा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री अजय सिंघल की प्रेरणा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार के मार्गदर्शन में स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो तथा जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा 3500 से अधिक ड्रग माफियाओं को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा 1500 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके अलावा जिला पुलिस द्वारा भी बड़ी संख्या में नशा तस्करों को काबू कर उनके खिलाफ मामले दर्ज कर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि केवल कानूनी कार्रवाई से ही नशे की समस्या का समाधान संभव नहीं है। इसके लिए युवाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों को साथ लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने होंगे।

डीआईजी सुनील दलाल ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस, प्रशासन या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब तक परिवार, शिक्षण संस्थान, सामाजिक संगठन और आम नागरिक इस अभियान से नहीं जुड़ेंगे, तब तक नशे पर पूरी तरह अंकुश लगाना संभव नहीं होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।

डीआईजी सुनील दलाल आईपीएस ने कहा कि नशे के कारण अनेक परिवार बर्बाद हो चुके हैं और कई घरों ने अपनी इकलौती संतान तक खो दी है। ऐसी त्रासदियों से बचने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों, सरपंचों और ग्रामीण प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे संकल्प लें कि समाज को समृद्ध बनाने के लिए अपने आसपास के कम से कम दस लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करेंगे और नशा करने वालों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने अपने संबोधन में कहा कि युवा वर्ग देश का भविष्य और समाज की सबसे बड़ी ताकत है। युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, सामाजिक गतिविधियों तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों में भागीदारी करेंगे तो एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव होगा। युवाओं की जागरूकता और सकारात्मक सोच ही ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ अभियान को सफल बनाएगी।
उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन को बर्बादी की ओर ले जाता है। एक गलत कदम न केवल व्यक्ति का भविष्य खराब कर सकता है, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर फोकस रखने, अनुशासित जीवन जीने और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ‘नशामुक्त हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने के लिए पानीपत पुलिस जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चला रही है। पुलिस टीमों द्वारा गांव-गांव, स्कूलों, कॉलेजों, औद्योगिक इकाइयों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

मंच का संचालन कर रहे पीआरओ आउटरीच राजीव रंजन ने कहा कि युवाओं को स्वयं नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर समाज के लिए प्रेरणा बनना चाहिए। उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा आयोजित यह अभियान 11 जून से 26 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है।

इस अवसर पर पानीपत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) रिफाइनरी के डीजीएम सुरेश, हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के डीएसपी हरविंदर, डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स, डीएसपी आत्माराम, डीएसपी सुरेश कुमार सैनी, पीआरओ आउटरीच राजीव रंजन, वरिष्ठ पत्रकार राजेश, गीता यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर अंकुश बंसल, कुलपति डॉ. मनोज मनुजा, प्रो वाइस चांसलर डॉ. गुलशन चौहान सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी तथा विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थी, शिक्षक, गांवों के सरपंच एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहें।

Comments


Leave a Reply