बदलाव ज़रूरी है — सीपीआई का जन सम्पर्क अभियान का शुभारंभ
BOL PANIPAT : 7 अगस्त आज भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की पानीपत जिला कौंसिल द्वारा “बदलाव ज़रूरी है” जन सम्पर्क अभियान की शुरुआत स्थानीय कुटानी रोड़ पर एक सभा से की गई। सभा की अध्यक्षता जिला कौंसिल सदस्य कामरेड सन्नौवर राणा ने की और संचालन जिला सचिव कामरेड पवन सैनी ने किया।
सीपीआई की हरियाणा राज्य कार्यकारिणी के सदस्य कामरेड राम रतन एडवोकेट ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। छोटे दुकानदार, व्यापारी, रेहड़ी-फड़ी चलाने वाले और मेहनतकश लोग घटते व्यापार और बढ़ती लागत के कारण भारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। वहीं लाखों-करोड़ों युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवाएं लगातार बदहाल होती जा रही हैं। किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, मजदूरों के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं और सामाजिक न्याय कमजोर पड़ता जा रहा है।दूसरी ओर जनता के टैक्स का लाखों-करोड़ों रुपये सरकारी प्रचार और प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्रियों की रैलियों पर पानी की तरह बहाया जा रहा है। दलितों, आदिवासियों और महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं तथा भ्रष्टाचार और लूट का असर धार्मिक स्थलों तक भी दिखाई दे रहा है।
पार्टी के जिला सचिव कामरेड पवन सैनी एडवोकेट ने कहा कि भाजपा सरकार की इन्हीं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ और जनता के अधिकारों की आवाज़ बुलंद करने के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने पूरे देश में “बदलाव ज़रूरी है” जन सम्पर्क अभियान शुरू किया है। यह अभियान 6 अगस्त से 15 अगस्त तक पदयात्राओं, जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से चलाया जा रहा है ।
अभियान का समापन 1 सितम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनसभा के साथ होगा, जिसमें देशभर से लाखों लोग शामिल होंगे। कम्युनिस्ट नेताओं ने एक सितम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली में शामिल होने की अपील की । इस अवसर पर छात्र नेता जुनेद राणा, रुपेश सैनी, खेत मजदूर यूनियन के जिला सचिव कामरेड भूपेन्द्र कश्यप आदि ने भी विचार व्यक्त किये। सभा के बाद में कम्युनिस्ट कार्यकर्ताओं ने घर घर पर्चे बांट कर जनता से सीधा जन सम्पर्क किया।
सीपीआई नेताओं ने सेकटर 25, 29 व फ्लोरा चौक ,मोहल्ला गौस अली सेक्टर 11,नांगल खेड़ी,में भी इस अभियान के तहत नुक्कड मीटिंग की पार्टी के पर्चे बांटे।

Comments