मुख्यमंत्री नायब सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की समीक्षा बैठक. अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
-एकता और समरसता की भावना को जन-जन तक पहुँचाना हमारा नैतिक कर्तव्य: उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया
-रन फॉर यूनिटी के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार
-गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस पर निकलने वाली यात्रा को लेकर प्रशासन ने की तैयारी शुरू
-धान का एक-एक दाना खरीदा जाएगा, अधिकारी करें मंडियों का निरीक्षण
BOL PANIPAT , 25 अक्टूबर।हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने शनिवार को प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने चार प्रमुख विषयों सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर होने वाली “रन फॉर यूनिटी”, वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूरे होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम, गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस पर अलग अलग स्थानों से निकली जाने वाली यात्राएं और धान व बाजरे की खरीद प्रक्रिया की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह ने अधिकारियों को जिम्मेदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि “जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार की हर योजना का उद्देश्य जनकल्याण है और इसके लिए अधिकारी ईमानदारी व समर्पण से काम करें।”
बैठक के उपरांत उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए दिशा-निर्देश साझा किए।
उन्होंने कहा कि “एकता और समरसता की भावना को जन-जन तक पहुँचाना हमारा नैतिक कर्तव्य है। रन फॉर यूनिटी केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और एकजुटता की प्रतीक है। प्रशासन इस कार्यक्रम के लिए पूरी तरह तैयार है।”
उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि “वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूरे होना हमारे लिए गर्व का क्षण है। यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारतीय आत्मा का प्रतीक है जिसने स्वतंत्रता संग्राम को दिशा दी। इस अवसर पर युवाओं और विद्यार्थियों को इसके ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराना आवश्यक है।”
उपायुक्त ने बताया कि “गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस पर निकलने वाली यात्राएं त्याग, धर्म और मानवता की प्रेरणा हैं। जिला प्रशासन इन यात्राओं की संपूर्ण तैयारी और सुरक्षा सुनिश्चित करेगा ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।”
धान और बाजरे की खरीद प्रक्रिया को लेकर उपायुक्त ने कहा कि “किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिले, यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित विभाग पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। जहां भी खामियां नजर आएं, वहां तुरंत कार्रवाई की जाए।”
उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त, जिला जनसंपर्क अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, सांख्यिकी अधिकारी, जिला परिषद सीईओ एवं अन्य अधिकारियों को अपने कार्यों में समन्वय, तत्परता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. दहिया ने विधानसभावार निकलने वाली “आत्मनिर्भर भारत एवं श्रेष्ठ भारत यात्राओं” की तैयारियों पर भी चर्चा की और कहा कि ये यात्राएं जनता को देश की प्रगति में सहभागी बनाने का माध्यम हैं।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों को इन कार्यक्रमों को गंभीरता से आयोजित करने के निर्देश दिए।
मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने कहा कि अधिकारी निरंतर अपडेट रहें और सभी कार्य निर्धारित समय पर पूर्ण करें।
पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह ने कानून-व्यवस्था को लेकर सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि “वे आयोजनों में मजबूत पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित करें और सुरक्षा प्रबंधों में कोई कमी न रहने दें।”
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मार्गों से यात्राएं गुजरेंगी, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जाएं। सड़क या मार्गों पर जहाँ भी टूट-फूट है, उसे तुरंत दुरुस्त कराया जाए।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने सभी एसडीएमों को निर्देश दिए कि वे व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्यक्रमों को सफल बनाएं, मंडियों का नियमित निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि “धान का एक-एक दाना खरीदा जाए।”
इस अवसर पर एसपी भूपेंद्र सिंह, एसडीएम मनदीप कुमार (पानीपत), एसडीएम अमित कुमार (समालखा), एसडीएम नवदीप नैन (इसराना), सीईओ डॉ. किरण सिंह, सीएमओ डॉ. विजय मलिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments