Sunday, May 17, 2026
Newspaper and Magzine


सेवा और अंत्योदय भाजपा की राजनीति का मूल आधार : डॉ. अरविंद शर्मा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at May 17, 2026 Tags: , , , ,

हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी

विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में जुटें भाजपा कार्यकर्ता

गोहाना भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में संगठन मजबूती, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क पर मंथन

BOL PANIPAT , 17 मई। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि सेवा और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के दर्शन को आधार बनाकर केंद्र और प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि हर पात्र नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, ताकि “सबका साथ, सबका विकास” की भावना और अधिक मजबूत हो सके।
समालखा के पट्टी कल्याणा स्थित सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र परिसर में गोहाना भाजपा द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, सरकार की नीतियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, हर घर नल से जल और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी लाडो लक्ष्मी योजना, दयालु योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है।
कैबिनेट मंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर पात्र परिवारों की पहचान करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाएं तथा योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं।
डॉ. शर्मा ने कहा कि जब अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचेगा, तभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को शीघ्र साकार किया जा सकेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ संवाद बढ़ाने तथा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान संगठनात्मक विषयों, पार्टी की विचारधारा, सोशल मीडिया की भूमिका, बूथ प्रबंधन तथा जनसंपर्क अभियान जैसे विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक उपस्थित रहे। सत्र की अध्यक्षता गोहाना जिला भाजपा के जिला महामंत्री महेंद्र चिडाना ने की।
इस अवसर पर गोहाना जिला भाजपा प्रभारी डॉ. किरण कलकल, निर्मल बैरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply