जिला स्तरीय जूनियर रेडक्रास प्रशिक्षण शिविर में बच्चों ने दिखाया हुनर. विभिन्न विषयों पर किया गया जागरूक.
-प्रोजेक्ट मैनेजर सुदेश कुमारी और सोनिया ने निभाई जज की भूमिका
-विद्यार्थियों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियो ने किया मनोरंजन
BOL PANIPAT , 14 दिसंबर । उपायुक्त एवं , जिला रेडक्रास सोसाइटी प्रधान डॉ. विरेंदर कुमार दहिया के कुशल मार्गदर्शन तथा अंकुश मिंगलानी उपाध्यक्ष एवं डॉ. सुनील कुमार, महासचिव, भारतीय रेडक्रास सोसाइटी हरियाणा राज्य शाखा, चंडीगढ़ के निर्देशानुसार जिला स्तरीय पांच दिवसीय जूनियर रेडक्रास प्रशिक्षण शिविर का आयोजन राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में किया जा रहा है।
शिविर के तीसरे दिन सी.ए. मुकेश शर्मा ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। उन्होंने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभागियों ने बेहद सराहनीय प्रदर्शन किया है। शिविर की शुरुआत रेडक्रास वंदना एवं झंडा गीत के साथ की गई। शिविर में रेडक्रास सदस्यता अभियान, प्राथमिक सहायता, गृह परिचर्या, चाइल्ड राइट्स तथा महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।
शिविर निदेशक हरमेंश चंद ने प्रतिभागियों को जानकारी देते हुए बताया कि कोई भी व्यक्ति स्वयंसेवक, वार्षिक सदस्य अथवा आजीवन सदस्य बनकर रेडक्रास द्वारा संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों से जुड़ सकता है।
प्रवक्ता सोनिया शर्मा ने प्राथमिक सहायता एवं गृह परिचर्या विषय पर जानकारी देते हुए कहा कि एक प्रशिक्षित प्राथमिक सहायक दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की जान बचा सकता है। उन्होंने सीपीआर विधि, प्राथमिक सहायक के उद्देश्य व सुनहरे नियम, बेहोशी की अवस्था, बहते रक्त को रोकना, टूटी हड्डी का उपचार, बाहरी व आंतरिक रक्तस्राव तथा होम नर्सिंग में रोगी की सही देखभाल के तरीकों पर प्रकाश डाला।

सी डब्ल्यू सी से काउंसलर युद्धवीर सिंह ने बच्चों के अधिकारों और महिला सशक्तिकरण पर जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए।
शिविर में पोस्टर मेकिंग, भाषण, संगीत एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने मधुर संगीत एवं आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
प्रोजेक्ट मैनेजर सुदेश कुमारी और सोनिया शर्मा ने जज की भूमिका निभाई। शिविर में वक्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला जेआरसी कोऑर्डिनेटर मीना कांबोज, काउंसलर मुकेश शास्त्री, अजय शर्मा, अमित खत्री, राजेश देवी, सानया सिंह, कुसुम बंसल, शक्तिधर सहित प्रवक्ता कला भारद्वाज, प्रदीप एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

Comments