वोटर आन लाइन मोबाइल एप का लें लाभ: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त.
-घर बैठे चुनाव संबंधित लें जानकारियां
-नागरिक आदर्श आचार संहिता की अवहेलना हो रही है तो फोटो या वीडियो बनाकर अपनी शिकायत भेज सकते हैं
-मतदाता अपना वोट बनवाने के लिए वोटस.ईसीआई. इन पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं
BOL PANIPAT , 6 अप्रैल। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि 18वें लोकसभा आम चुनाव के दौरान मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से अनेक ऑनलाइन मोबाइल ऐप शुरू किए हुए हैं जो मतदाताओं के साथ- साथ उम्मीदवारों के लिए भी फायदेमंद हैं। इन एप्स का प्रयोग करके मतदाता व उम्मीदवार सरलतम तरीके से घर बैठे ही चुनाव से संबंधित नवीनतम जानकारियां ले सकते हैं तथा अपनी समस्याओं का समाधान पा सकते हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 18 साल का कोई भी युवा या युवती अपना वोट बनवाना चाहता है तो वह वोटस.ईसीआई. इन पर ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। आयोग ने सी-विजिल के नाम से एक मोबाइल ऐप शुरू किया है। इस मोबाइल ऐप को डाउनलोड कर कोई भी नागरिक आदर्श आचार संहिता की कहीं अवहेलना हो रही है तो उसकी फोटो या वीडियो बनाकर अपनी शिकायत भेज सकता है, जिसका निवारण निर्वाचन कार्यालय की ओर से 100 मिनट के अंदर किया जाएगा।

Comments