प्लांट में खड़े वाहनों से बैटरी चोरी करने वाले आरोपी को कैथल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई सीआईए टू पुलिस टीम.
-प्लांट में खड़े वाहनों से 18 बैटरी चोरी की थी
BOL PANIPAT : 13 जुलाई 2024,सीआईए टू पुलिस टीम नेफ्ता क्रैकर रोड पर सिठाना गांव के नजदीक स्थित प्लांट में खड़े ट्रकों, पोकलेन मशीन, जनरेटर व जेसीबी मशीन से बैटरी चोरी करने वाले आरोपी को कैथल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। आरोपी की पहचान अमित निवासी पाढा करनाल के रूप में हुई।
सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि आरोपी अमित को गत दिनों कैथल पुलिस ने जानलेवा हमला करने के एक मामले में गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने सिठाना गांव के नजदीक स्थित प्लांट में खड़े वाहनों से बैटरी चोरी करने की वारदात को अंजाम देने बारे भी स्वीकारा था। चोरी की उक्त वारदात बारे थाना सदर में उमेद निवासी सिठाना की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
सूचना मिलने पर सीआईए टू पुलिस टीम शुक्रवार को आरोपी अमित को कैथल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। गहनता से पूछताछ करने व चोरी की गई बैटरी बरामद करने के लिए पुलिस आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।
आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ पानीपत के विभिन्न थाना में चोरी, लूट, डकैती की वारदातों के करीब 24 अभियोग दर्ज है।
सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि थाना सदर में गांव सिठाना निवासी उमेद पुत्र रामकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि नेफ्ता क्रैकर रोड पर गांव सिठाना के पास उसका स्काई इंटरप्राइजेज नाम से आरएमसी प्लांट है। 18 दिसम्बर 2023 की देर शाम वह प्लांट से घर चला गया था। अज्ञात चोर रात के समय प्लाटं में खड़े 6 ट्रकों, 1 पोकलेन मशीन, 4 जनरेटर व 2 जेसीबी मशीन से 18 बैटरी व केबिन से 2 एसी चोरी कर ले गया। सीसीटीवी कैमरा चेक किया तो देर रात एक अज्ञात कार सवार युवक कार से उतर कर प्लांट में दाखिल होते दिख रहा है। थाना सदर में उमेद की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments