स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित न रहकर प्रत्येक व्यक्ति की नियमित जिम्मेदारी बननी चाहिये: विवेक रोहिला
राजकीय आईटीआई में ‘स्वच्छता ही सेवा’ का संदेश, प्रशिक्षुओं ने चलाया विशेष सफाई अभियान
सेवा संकल्प अभियान के तहत जागरूकता सत्र आयोजित, स्वच्छता को जिम्मेदारी और अनुशासन से जोड़ने का किया आह्वान
BOL PANIPAT, 1 अक्टूबर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत 1 अक्टूबर वीरवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ विषय पर जागरूकता सत्र एवं विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संस्थान के प्रशिक्षुओं एवं कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना जागृत करना तथा स्वच्छ भारत के निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान एम्प्लॉयबिलिटी स्किल के अनुदेशकों अजय, दीपक तथा अनिल ने प्रशिक्षुओं को स्वच्छता संबंधी मूलभूत जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रशिक्षुओं को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आवश्यकता के बारे में बताया। साथ ही अपने आसपास के स्थानों को साफ-सुथरा रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता सत्र के साथ संस्थान परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इस अभियान में सभी अनुदेशकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
संस्थान के उप प्रधानाचार्य विवेक रोहिल्ला ने बताया कि इस प्रकार के अभियानों से युवाओं में सामुदायिक सेवा और अनुशासन की भावना सुदृढ़ होती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित न रहकर प्रत्येक व्यक्ति की नियमित जिम्मेदारी बननी चाहिए।

Comments