हरियाणवी संस्कृति, लोक परंपरा और पर्यावरण संरक्षण की गूंज के बीच होंगे मुकाबले, पारदर्शी आयोजन के दिए निर्देश : राकेश बूरा
20 से 25 जुलाई तक सांस्कृतिक रंगों से सराबोर होगा पानीपत, ब्लॉक स्तरीय कल्चरल फेस्ट-2026 में दम दिखाएंगी छात्र प्रतिभाएं
BOL PANIPAT , 18 जुलाई। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा के दिशा निर्देश पर जिले में 20 से 25 जुलाई तक ब्लॉक स्तरीय कल्चरल फेस्ट-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। पांच अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं में जिले के सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए प्रतियोगिताओं का सफल, पारदर्शी एवं समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कल्चरल कोऑर्डिनेटर संदीप रत्तेवाल ने बताया कि प्रतियोगिताओं में कक्षा 5वीं से 8वीं तथा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रतियोगिताओं का विषय हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत, संस्कृति एवं नैतिक मूल्य तथा पर्यावरण संरक्षण रखा गया है। प्रतियोगिताओं में लोकनृत्य (एकल), लोकनृत्य (समूह), रागनी (एकल) तथा समूह स्किट का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना, रचनात्मकता और अपनी लोक परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 जुलाई को इसराना ब्लॉक की प्रतियोगिताएं जय इंटरनेशनल स्कूल, जोंधन कलां में आयोजित होंगी। 22 जुलाई को बापौली ब्लॉक की प्रतियोगिताएं कैम्ब्रिज फील्ड्स ग्लोबल स्कूल, नांगला पार (बापौली) में होंगी। 23 जुलाई को मतलौडा ब्लॉक की प्रतियोगिताएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मतलौडा में आयोजित की जाएंगी। 24 जुलाई को पानीपत ब्लॉक की प्रतियोगिताएं डॉ. एम.के.के. स्कूल, पानीपत में तथा 25 जुलाई को समालखा ब्लॉक की प्रतियोगिताएं एल.के.पी.एस. (एलकेपीएस), समालखा में संपन्न होंगी।
इन प्रतियोगिताओं में राजकीय विद्यालयों, पीएम श्री विद्यालयों, मॉडल संस्कृति विद्यालयों, आरोही विद्यालयों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। लोक संस्कृति, संगीत, नृत्य और नाट्य कला के माध्यम से विद्यार्थी हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने कहा कि सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, रचनात्मकता तथा भारतीय संस्कृति और हरियाणवी लोक परंपराओं के संरक्षण का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालय प्रमुखों एवं आयोजन समितियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिताओं का आयोजन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उपयोगिता प्रमाण-पत्र (यूसी) एवं आयोजन रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भेजना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विश्वास जताया कि कल्चरल फेस्ट-2026 विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को नई पहचान देने के साथ-साथ हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी मंच साबित होगा।

Comments