राज्य स्तरीय समारोह को लेकर डीसी ने दिए निर्देश
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 10 मार्च को करनाल स्थित नई अनाज मंडी में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
BOL PANIPAT , 7 मार्च। अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर आगामी 10 मार्च को करनाल की अनाजमंडी में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह को लेकर उपायुक्त सुशील सारवान ने अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। हरियाणा महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री कमलेश ढांडा सहित स्थानीय जन प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी। मुख्यमंत्री द्वारा इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय महिला दिवस इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 10 हजार महिलाओं के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने सभी सबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पानीपत जिला से भी इस कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा संख्या में महिलाएं पहुँचे, ऐसा सभी अधिकारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पानीपत जिला से महिलाओं को समारोह में आने- जाने के दौरान परिवहन सुविधा, स्वच्छ पेयजल, सुलभ शौचालय, बैठने की अच्छी व्यवस्था इत्यादि करवाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी परवीन कुमारी, पोषण अभियान की जिला समन्वयक डॉ. श्रेया मिढा सहित सभी सबंधित अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे ।

Comments