डीसी सुशील सारवान ने गांव पट्टीकल्याणा में दौरा कर विकास कार्यो का जायजा लिया
BOL PANIPAT , 8 फरवरी। डीसी सुशील सारवान ने मंगलवार को समालखा उपमण्डल के गांव पट्टीकल्याणा में दौरा कर विकास कार्यो का जायजा लिया और उनकी समीक्षा भी की। उन्होंने गांव में सरकारी स्कूल के साथ-साथ श्मशान घाट और विभिन्न गलियों के निमार्ण कार्यों का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि श्मशान घाट व अन्य स्थानों पर पौधारोपण को बढ़ावा देने के लिए कुछ स्थान कच्चे भी छोड़ दें ताकि उन पर पौधारोपण किया जा सके। उन्होंने कहा कि इन पर फलदार और ज्यादा से ज्यादा छाया देने वाले पौधों को लगाया जाए। डीसी ने कहा कि गांव में ग्राम पंचायत संरक्षण योजना के तहत सभी अधिकारी विकास कार्यों की तरफ ज्यादा से ज्यादा ध्यान दें। जो विकास कार्य चल रहे हैं उनमें गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष रूप से ख्याल रखें। जो नए काम करवाए जाने हैं उनका अस्टीमेट भी बनाकर दें।
डीसी सुशील सारवान ने कहा कि गांव में जल दोहन को लेकर भी लोगों में जागरूकता फैलाई जाए क्योंकि निरन्तर बढ़ रहे जल प्रदूषण और पानी की कमी के कारण आमजन को इससे परेशानी होती है इसलिए हम सबको ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जल बचाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भी आह्वान किया गया है कि जल है तो कल है। उन्होंने गांव में अटल सेवा केन्द्र पर जाकर भी निरीक्षण किया और इसके तहत दी जाने वाली सेवाओं के बारे में जानकारी भी ली और कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित सेवाओं को तय समय में लोगों को दिया जाए ताकि लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार ने विभिन्न योजनाओं के लिए जो फीस निर्धारित की है केवल वही फीस ली जाए।
उपायुक्त सुशील सारवान ने इसके बाद समालखा नगरपालिका का भी दौरा किया और नगर पालिका द्वारा तैयार करवाए जा रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के अति पिछड़े विकास खण्डों में विकास कार्यो को तेजी से करवाने के लिए योजना तैयार की गई है जिसे अमलीजामा पहनाया जा रहा है। डीसी सुशील सारवान ने अपने इस दौरे के दौरान समालखा में आईडीएफसी बैंक की शाखा का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर एसडीएम अश्वनी मलिक भी उपस्थित रहे।

Comments