Wednesday, March 4, 2026
Newspaper and Magzine


डीसी ने किया यमुना नदी तटीय क्षेत्रों का दौरा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at May 10, 2022 Tags: , , , , ,

-यमुना नदी में बाढ़ से बचाव को लेकर दिए आवश्यक दिशा निर्देश

BOL PANIPAT , 10 मई।  जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने मंगलवार को बाढ़ प्रबंधों का जायजा लेते हुए यमुना नदी से सटे हुए क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उपायुक्त ने जिले की लगभग 26 किलोमीटर यमुना के सीमा क्षेत्र में आने वाले सभी घाटों की समय-समय पर सफाई व जांच करने के लिए सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। ताकि बरसात के समय में किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े। उन्होंने कहा कि किसी घाट पर या अन्य किसी भू-जल कटाव जगह पर कही भी मिट्टी का कटाव दिखाई देता है तो वहां तुरन्त स्टड का निर्माण करवाएं।

डीसी सुशील सारवान ने कहा कि यमुना के बहाव से छेडख़ानी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान उन्होंने बापौली खण्ड के संजौली यमुना घाट व सनौली खण्ड के पत्थरगढ़ व अन्य यमुना तटीय बांधों पर निरीक्षण किया। उन्होंने यमुना के बहाव और कटाव को समझते हुए नई ठोकरों के निर्माण और पुरानी ठोकरों की मरम्मत पर भी जानकारी ली और जरूरी दिशानिर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बाढ़ नियंत्रण कार्यो के लिए नजदीकी गांव के लोगों से भी बातचीत की क्योंकि जो लोग बाढ़ प्रभावी क्षेत्रों में खेती बाड़ी का कार्य करते हैं उनको बाढ़ आने पर बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
इस दौरान ग्रामीणों ने भी उपायुक्त से वहां की स्थिति बारे अवगत करवाया और बाढ़ प्रबंधों पर अपने सुझाव सांझा किए।

उपायुक्त ने यमुना नदी से सटे गांव के निवासियों से भी आह्वान किया कि वे तटीय क्षेत्र में अवैध खनन या भूमि कटाव जैसा कोई भी कार्य ना करें ताकि बारिश के समय में या यमुना नदी का जल स्तर बढऩे पर बाढ़ का सामना ना करना पड़े। इस मौके पर एसडीएम बिजेन्द्र ढूल, एसडीएम समालखा अश्वनी मलिक, अतिरिक्त सीईओ जिला परिषद व सनौली ब्लॉक बीडीपीओ रविन्द्र मलिक, डीआरओ चन्द्रमोहन, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता विरेन्द्र रावत व जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनित काद्यान सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Comments