मलेरिया व डेंगू को लेकर जागरुक रहें जिलावासी: उपायुक्त
BOL PANIPAT , 23 जून। उपायुक्त सुशील सारवान ने जिला के लोगों को मलेरिया व डेंगू से बचाव के लिए जागरूक रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मलेरिया व डेंगू जैसी बीमारियों से जिला वासियों को बचाना बहुत जरूरी है।
उपायुक्त सुशील सारवान ने मलेरिया व डेंगू की बीमारी को लेकर लघु सचिवालय के प्रथम तल पर स्थित कांफ्रेंस हॉल में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मलेरिया व डेंगू जैसी बिमारियों का सत्र मई माह से नवम्बर माह तक ज्यादा रहता है।उन्होंने कहा कि यह बेहद सुखद बात है कि अभी तक इस सत्र में जिला में कोई भी मलेरिया या डेंगू का मरीज नहीं मिला है। फिर भी विभाग द्वारा अपने इंतजामों में कोई भी कसर ना छोड़ी जाए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आगामी बरसात के मौसम में इन बीमारियों के प्रकोप से बचाने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड, बाजारों तथा अन्य सार्वजनिक जगहों पर पोस्टर व बैनर लगाकर लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश देते हुए कहा कि आगामी दिनों में स्कूलों में भी बच्चों को सप्ताह में एक दिन ड्राईंग डे के माध्यम से जागरूक करें।
उन्होंने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग स्वच्छता में अपना अहम योगदान अवश्य दें। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. जितेन्द्र कादियान, मलेरिया विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. सुनिल, आईटीआई प्राचार्य कृष्ण कुमार व अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments