Monday, April 27, 2026
Newspaper and Magzine


बैंक संबंधी जानकारी न करें सांझा: उपायुक्त

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 27, 2022 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT , 27 अक्तूबर। जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने साइबर फ्रॉड से बचने के लिए आमजन को साइबर क्राइम से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि ऑनलाइन ठगी से बचें और किसी भी सूरत में लॉटरी, फ्री रिचार्ज या अन्य ईनाम जीतने के झांसे में आकर अपनी बैंक संबंधित डिटेल सांझा न करें क्योंकि ऐसा करने से आप साइबर धोखाधड़ी के शिकार हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी के इस युग में साइबर अपराधी काफी सक्रिय हैं जो लोगों को लॉटरी, फ्री रिचार्ज या अन्य इनाम निकलने का झांसा देकर चूना लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अक्सर देखने में आया है कि साइबर ठग आमजन से लॉटरी या अन्य ईनाम निकलने का लालच देकर पैसे जमा करवाने को कहते हैं, इसलिए ऐसी सूरत में सतर्क रहें और किसी भी लोभ-लालच में न आते हुए बताए गए बैंक खातों में पैसे जमा न करवाएं बल्कि उसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दें ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि साइबर ठग लोगों को लॉटरी, कार, मोटरसाइकिल व अन्य कोई ईनाम जीतने का बहाना बनाकर कॉल करते हैं और एडवांस पैसा जमा करवाने के लिए कहते हैं। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी चूक से वर्षों की मेहनत से कमाई गई जमा पूंजी गवाई जानी संभव है, इसलिए अपने ई मेल या व्हाट्सएप पर आए ऐसे लिंक पर क्लिक करते समय आवश्यक सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सावधानी और सतर्कता ही साइबर ठगी से बचने का बेहतर उपाय है। फ्रॉड कॉल करने वाले व्यक्ति अक्सर 24 घंटे के अंदर बैंक खाता ब्लॉक करने का दबाव बनाकर बैंक से संबंधित जानकारी हासिल कर आमजन से ठगी करते हैं।
उन्होंने आमजन को सलाह देते हुए कहा कि उनके बैंक खाते को ब्लॉक करने संबंधित किसी प्रकार की कॉल, मैसेज या एस. एम. एस. आता है तो किसी भी प्रकार की जानकारी सांझा न करें। इसके अलावा बताए गए नंबर पर कोई भी व्यक्तिगत जानकारी सांझा न करें।

Comments