Friday, May 15, 2026
Newspaper and Magzine


नशे के विरुद्ध डॉ. अशोक कुमार वर्मा द्वारा निरंतर 7वें दिन साइकिल यात्रा निकाली गई. कुरुक्षेत्र से साइकिल पर पहुंचे हुए थे    

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at February 10, 2023 Tags: , , , , , ,

एडीजीपी श्रीकांत जाधव भापुसे के दिशानिर्देशों एवं उपायुक्त सुशील सारवान के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम

डॉ. अशोक कुमार वर्मा द्वारा निरंतर 7वें दिन साइकिल यात्रा निकाली गई, कुरुक्षेत्र से साइकिल पर पहुंचे हुए थे    

BOL PANIPAT . हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो प्रमुख एवं अम्बाला मंडल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्रीकांत जाधव भापुसे के कुशल दिशानिर्देशों एवं मार्गदर्शन और जिला उपायुक्त सुशील सारवान के नेतृत्व में एसडी विद्या मंदिर पानीपत में एक दिवसीय नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. जागरूकता कार्यक्रम में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी सचिव कुलबीर सिंह मलिक मुख्य अतिथि पधारे जबकि विद्यालय की प्राचार्या शिवानी कंडोला की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम सम्पन्न हुआ. हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी डॉ. अशोक कुमार वर्मा जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य वक्ता रहे और विशेष बात यह रही कि वे साइकिल पर यात्रा कर रहे हैं. आज कुरुक्षेत्र से पानीपत उनकी साइकिल यात्रा का 7वां दिन है. सबसे प्रथम भारतीय रेड क्रॉस सचिव कुलबीर सिंह मलिक ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी काल में कुछ युवा मार्ग से भटककर नशे में पड़ जाते हैं और अपने जीवन को समाप्त कर लेते हैं. आज उन्हें जागरूकता के माध्यम से नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने की आवश्यकता है. मुख्य वक्ता डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने अपने सम्बोधन में बताया कि हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो प्रमुख श्रीकांत जाधव भापुसे द्वारा नशा मुक्त हरियाणा के लिए युवाओं को धाकड़ नाम दिया है. यह एक जन आंदोलन के रूप में नशा मुक्त हरियाणा की और एक कदम है. कोई भी व्यक्ति प्रयास फाउंडेशन से जुड़कर नशा मुक्त हरियाणा के जनांदोलन का भाग बन सकता है. इसके लिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं. नशा बेचने वाले लोगों की गुप्त सूचनाएं 9050891508 पर देने के लिए प्रोत्साहित करते हुए डॉ. वर्मा ने कहा कि नशा छोड़ने वाले भी इस पर सम्पर्क करें. कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से वचन लिया गया कि वे जीवन में किसी प्रकार का नशा नहीं करेंगे. कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या शिवानी कंडोला ने अतिथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह  बहुत ही सराहनीय प्रयास है.        

Comments