सर्दी में वाहन चालकों और आम नागरिकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता :–उपायुक्त
दुर्घटना से बचाव को लेकर सुरक्षित दूरी बनाए रखना अत्यंत आवश्यक
अचानक ब्रेक लगाना और मोबाइल फोन का उपयोग हो सकता है जानलेवा साबित
नियमों का पालन कर, स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें
BOL PANIPAT ,21 दिसंबर, उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि वर्तमान में सर्द मौसम के कारण सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहता है, जिससे दृश्यता काफी कम हो जाती है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में वाहन चालकों और आम नागरिकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
डॉ दहिया ने कहा कि कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय अचानक लेन परिवर्तन न करें तथा हमेशा लो बीम और फॉग लैंप का उपयोग करें, ताकि सामने से आ रहे वाहन को संकेत मिल सके।
उपायुक्त ने कहा कि सुरक्षित दूरी बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, जिससे आपात स्थिति में समय रहते वाहन को नियंत्रित किया जा सके।
उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि तेज गति से वाहन चलाना, अचानक ब्रेक लगाना और मोबाइल फोन का उपयोग करना जानलेवा साबित हो सकता है। वाहन की गति मौसम के अनुसार रखें और ब्रेक धीरे-धीरे लगाएं। इसके अलावा वाहन की लाइट, इंडिकेटर और ब्रेक सही स्थिति में होने चाहिए।
उपायुक्त डॉ दहिया ने आमजन से अपील की कि पैदल चलने वाले और दोपहिया वाहन चालक भी विशेष सावधानी बरतें,रिफ्लेक्टर और हेलमेट का प्रयोग करें। स्कूल बसों, भारी वाहनों और सार्वजनिक परिवहन के चालकों को नियमों का विशेष रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था पर निरंतर नजर रखी जा रही है, फिर भी नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। नियमों का पालन कर, धैर्य और सावधानी से वाहन चलाकर ही हम स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं। जनहित में जारी इन निर्देशों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।

Comments