नशा स्वास्थ्य के साथ समाज व परिवार को प्रभावित करता है। नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए 6 दिसंबर से 6 जनवरी तक गहन जागरूकता अभियान – सीजेएम वर्षा शर्मा
-नशा मुक्ति जागरूकता रैली को रवाना किया
BOL PANIPAT : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तहसील कैंप, पानीपत में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण पानीपत सचिव वर्षा शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में नशा मुक्ति अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का शुभारंभ विद्यालय प्रिंसिपल गुलाब , पुलिस विभाग से ए एस आई जगपाल , बाल कल्याण समिति सदस्या किरण मलिक, एमडीडी ऑफ इंडिया जिला समन्वयक संजय कुमार, स्वास्थ्य विभाग से रवि कुमार द्वारा विद्यालय के प्रांगण से हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस दौरान उनके साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पानीपत से पैनल एडवोकेट बिन्दर कौर, पैरा लीगल वालंटियर इकबाल, जिला बाल संरक्षण विभाग से काउंसलर युद्धवीर, एमडीडी ऑफ इंडिया से काजल, वालंटियर विकास, विद्यालय से भगत सिंह, रविन्द्र, रमेश व अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे। यह कार्यक्रम जिला न्यायालय की सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना तथा समाज के युवाओं को नशे की कुप्रथा से दूर रखने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस रैली में एमडीडी ऑफ इंडिया संस्था पानीपत व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तहसील कैंप पानीपत के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यार्थियों ने नशे की रोकथाम से संबंधित जागरूकता संदेशों वाले बैनर एवं पोस्टर हाथों में लेकर पैदल मार्च किया।
बाल कल्याण समिति सदस्या किरण मालिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह परिवार एवं समाज को भी प्रभावित करता है।
पुलिस विभाग से नशा विरोधी मुहिम का संचालन कर रहे ए एस आई जगपाल जी ने कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य और पैसे का नाश करता है बल्कि सामाजिक इज्जत और परिवार को भी बर्बाद करता है। यह अधिकांश जुर्मों को भी जन्म देता है क्योंकि नशा करने वाले अधिसंख्य लोग जुर्म में लिप्त पाए जाते हैं। हमें पुलिस विभाग को नशा करने वालों और नशा बेचने वालों दोनों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट करनी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग से साइकोलॉजिस्ट रवि कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा नशे की समस्या से ग्रसित व्यक्ति को हर तरह की चिकित्सकीय और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
एमडीडी ऑफ इंडिया से जिला समन्वयक संजय कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को खुद भी नशे से दूर रहना चाहिए और अपने दोस्तों व परिजनों को भी नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताकर उसके खिलाफ प्रेरित करना चाहिए।
अंत में प्रिंसिपल गुलाब ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि हम सभी मिलकर ही नशे की बुराई को समाप्त कर सकते हैं और एक विकसित भारत का निर्माण कर सकते हैं।

Comments