10.5 ग्राम स्मैक सहित नशा तस्कर गिरफ्तार।
BOL PANIPAT : 22 जून 2025, एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने राणा माजरा गांव के बंधा के पास एक नशा तस्कर को 10.5 ग्राम स्मैक सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान राणा माजरा गांव निवासी जाखिर के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने बताया कि उनकी एक टीम शनिवार को गश्त व जांच पड़ताल के दौरान गढ़ी बेसिक गांव में मौजूद थी। टीम को तभी गुप्त सूचना मिली कि राणा माजरा गांव निवासी जाखिर मादक पदार्थ लेकर गांव में कब्रिस्तान के पास बंधा के नजदीक बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना को पुख्ता मानकर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सामने खड़ा युवक पुलिस की गाड़ी को देखकर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने कुछ कदमों पर ही युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान जाखिर पुत्र जबरद्दीन निवासी राणा माजरा के रूप में बताई।
पुलिस टीम ने ड्यूटी मेजिस्ट्रेट की मौजूदगी में युवक की तलाशी ली तो उसकी पहनी हुई लोअर की जेब में पन्नी से स्मैक मादक पदार्थ बरामद हुआ। बरामद स्मैक का वजन करने पर 10.5 ग्राम पाया गया।
प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया वह नशा करने का आदी है। अपनी नशे की लत पूरी करने व शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए करीब 15 दिन पहले यूपी से 15 ग्राम स्मैक कम कीमत पर खरीद कर लाया था। जिसमें से उसने थोड़ी स्मैक स्वयं नशा करने में खर्च कर दी व थोड़ी स्मैक राह चलते नशा करने वालों को बेच दी। बची 10.5 ग्राम स्मैक को लेकर बेचने के लिए वह शनिवार को गांव में कब्रिस्तान के नजदीक बंधा के पास ग्राहक की फिराक में घूम रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सनौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर रविवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे एक दिन के पुलिस डिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से नशा सप्लायर के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments