पात्र व्यक्तियों को मिले सरकारी योजनाओं का लाभ, हर समस्या का होगा समाधान: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
जनता की समस्याओं पर सख्त हुए उपायुक्त डॉ. हरीश वशिष्ठ, अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई के दिए आदेश
पहले ही दिन दिखी प्रशासनिक सक्रियता, समाधान शिविर में शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
जनता समाधान शिविर बना उम्मीद की किरण, कैंसर पीडि़त से लेकर ग्रामीणों की समस्याओं पर तुरंत संज्ञान
जनता की सुनवाई, समाधान की तैयारी: उपायुक्त ने विभागों को तय समय में कार्रवाई के दिए निर्देश
BOL PANIPAT , 8 जून। हरियाणा सरकार की जनहितैषी पहल के तहत जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने स्वयं लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उपायुक्त के रूप में यह उनका पहला जनता समाधान शिविर था, जिसमें उन्होंने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. हरीश वशिष्ठ ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जनता समाधान शिविर केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि समस्याओं के प्रभावी निवारण का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने नागरिकों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिलना चाहिए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि समाधान शिविर में अनुपस्थित रहने वाले विभागीय अधिकारियों के प्रति किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने पहले दिन अनुपस्थित रहे विभाग प्रमुखों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की नियमित निगरानी की जाएगी और संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने अधिकारियों से जनहित के मामलों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों, अतिक्रमण तथा सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने लोगों से भी कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने विभाग से संबंधित शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सोमवार को शिविर के दौरान एक कैंसर पीडि़त व्यक्ति ने उपायुक्त से अपनी पेंशन बनवाने का अनुरोध किया। प्रार्थी ने बताया कि गंभीर बीमारी के कारण वह आर्थिक संकट का सामना कर रहा है तथा पेंशन के अभाव में जीवनयापन कठिन हो गया है। उपायुक्त ने मामले को संवेदनशीलता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पात्रता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रार्थी सुशील तथा अन्य ग्रामीणों ने गांव में पेयजल समस्या के समाधान के लिए उपायुक्त से मुलाकात की। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से पानी ठहराव की समस्या के कारण लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रार्थी सोहनलाल ने वरिष्ठ नागरिक कार्ड बनवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र कार्ड जारी करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार प्रार्थी शमशेर सिंह ने गांव में लगे बिजली ट्रांसफार्मर को दूसरे सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की। उन्होंने बताया कि वर्तमान स्थान पर ट्रांसफार्मर होने से लोगों की जान-माल को खतरा बना हुआ है। उपायुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अहर गांव निवासी एक व्यक्ति ने फिरनी पर हुए अवैध कब्जों को हटाने की मांग उठाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। जनता समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 25 शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए उनके शीघ्र और संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी रखी जाएगी ताकि आमजन को राहत मिल सके। इस अवसर पर एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन सुरेंद्र जोगी, कृष्ण आर्य, डीडीए प्रवीण गुलिया, कृषि विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता सुधीर, एलडीएम जितेंद्र, डॉ. प्रज्ञा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments